हरियाणवी गायक मासूम शर्मा ने देहरादून में हुए कार्यक्रम से जुड़ी घटना पर खेद जताया
पवनेश
- 17 Apr 2026, 07:27 PM
- Updated: 07:27 PM
चंडीगढ़, 17 अप्रैल (भाषा) हरियाणवी गायक मासूम शर्मा ने देहरादून के एक महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंच से कथित तौर पर अभद्र, अश्लील और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करने के आरोप में खुद पर मामला दर्ज किए जाने के बाद शुक्रवार को कहा कि वह इस घटना को लेकर दो बार खेद जता चुके हैं।
शर्मा ने यहां पत्रकारों से कहा, ''देहरादून में जो हुआ, उस पर मैंने दो बार खेद व्यक्त किया है। मुझे उस मंच से वह नहीं कहना चाहिए था जो मैंने कहा।''
गायक ने बताया कि कार्यक्रम वाले दिन उनके परिवार को मिली कथित धमकी को लेकर वह मानसिक तनाव में थे।
शर्मा ने कहा, ''एक अपराधी द्वारा अमेरिका में मेरे भाई को फोन करके धमकी दिए जाने के बाद मेरा परिवार भी परेशान था। उसने धमकी दी थी कि मुझे 20-25 करोड़ रुपये का बीमा करा लेना चाहिए ताकि बाद में मेरे परिवार को कोई परेशानी न हो। उसने धमकी दी थी कि वह मुझे देहरादून से वापस नहीं जाने देगा।''
यह घटना 11 अप्रैल को देहरादून के डीएवी परास्नातक महाविद्यालय में छात्र संघ द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान घटी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए कार्यक्रम के वीडियो और महाविद्यालय में 'सत्यम शिवम' छात्र संगठन के एक प्रतिनिधि द्वारा दर्ज कराई गई लिखित शिकायत के आधार पर, शर्मा के खिलाफ 12 अप्रैल को कोतवाली डालनवाला पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।
देहरादून के पुलिस अधीक्षक (शहर) प्रमोद कुमार ने कहा कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 (सार्वजनिक स्थानों पर अश्लील हरकतें करना या अश्लील गीत गाना), 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना), 79 (किसी महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से शब्दों, इशारों, आवाजों का प्रयोग करना या किसी वस्तु का प्रदर्शन करना) और 351(3) (गंभीर आपराधिक धमकी देना) के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी कार्यक्रम में उपस्थित थे, लेकिन कथित दुर्व्यवहार की घटना से पहले ही वे वहां से चले गए थे।
इस घटना के बाद, हरियाणा राज्य महिला आयोग (एचएससीडब्ल्यू)ने कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर अपशब्दों का प्रयोग करने के आरोप में शर्मा को तलब किया है। आयोग ने उन्हें 18 अप्रैल को पंचकुला में एचएससीडब्ल्यू अध्यक्ष के समक्ष व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर विस्तृत स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
भाषा संतोष पवनेश
पवनेश
1704 1927 चंडीगढ़