आईआरएस अधिकारी की बेटी की हत्या के आरोपी के खिलाफ अलवर पुलिस भी कर रही दुष्कर्म मामले की जांच
नरेश
- 23 Apr 2026, 03:35 PM
- Updated: 03:35 PM
जयपुर, 23 अप्रैल (भाषा) दिल्ली के बेहद पॉश कैलाश हिल्स इलाके में एक 22 वर्षीय युवती की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी एक 'आदतन' अपराधी है और उसने घटना से महज कुछ घंटे पहले राजस्थान के अलवर में एक महिला से भी दुष्कर्म किया था।
पुलिस ने यह जानकारी दी है।
पुलिस ने बताया कि अलवर में आरोपी ने जिस महिला से दुष्कर्म किया था, उसी के पति के साथ वह ऑनलाइन 'लूडो' खेलता था।
अधिकारियों के अनुसार दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के पॉश कैलाश हिल्स इलाके में बुधवार सुबह भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के एक वरिष्ठ अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी से दुष्कर्म और फिर उसकी हत्या करने के आरोप में राहुल मीणा (19) की द्वारका क्षेत्र से गिरफ्तारी के बाद राजस्थान पुलिस ने अलवर में उसके खिलाफ दुष्कर्म के आरोप की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की है।
अलवर के पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने कहा, ''यहां राहुल मीणा के खिलाफ दुष्कर्म के आरोप की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है। पूछताछ के लिए छह से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है।''
उन्होंने बताया कि बुधवार को एक महिला ने अलवर जिले के राजगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई जिसमें आरोप लगाया गया कि राहुल ने मंगलवार रात उससे दुष्कर्म किया।
चौधरी ने कहा कि इस मामले की जांच राजगढ़ की पुलिस उपाधीक्षक मनीषा मीणा को सौंपी गई है।
शिकायत में पीड़िता के पति ने बताया कि वह मंगलवार शाम आरोपी राहुल के साथ एक शादी समारोह में गया था और वहीं रुक गया जबकि राहुल बाद में गांव लौट आया और कथित तौर पर उसके घर में घुसकर इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने घटना की जानकारी फोन पर अपने पति को दी जिसके बाद मामला दर्ज कराया गया।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने पीड़िता को धमकी दी थी कि यदि उसने यह बात किसी को बताई तो वह उसे जान से मार देगा।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि राहुल पीड़िता को जानता था और उसके पति के साथ ऑनलाइन लूडो खेलता था।
उन्होंने कहा, ''पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा चुका है। जांच में तेजी लाने के लिए हम सभी सूचनाएं दिल्ली पुलिस के साथ साझा कर रहे हैं।''
दिल्ली में पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों से पुष्टि हुई है कि राहुल बुधवार को सुबह छह बजकर 49 मिनट पर कैलाश हिल्स स्थित घर में दाखिल हुआ और सात बजकर 20 मिनट पर वहां से निकल गया। इसी दौरान वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका है।
पुलिस ने बताया कि राहुल लगभग आठ महीने तक उस घर में घरेलू सहायक के रूप में काम कर चुका था और करीब एक महीने पहले उसे नौकरी से हटा दिया गया था।
उसने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही युवती से उसने दुष्कर्म किया और फिर मोबाइल फोन के चार्जिंग केबल से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
भाषा पृथ्वी
खारी नरेश
नरेश
2304 1535 जयपुर