मांडविया ने एनआरएआई की 75 साल की उपलब्धियों की सराहना की
सुधीर
- 27 Apr 2026, 06:22 PM
- Updated: 06:22 PM
नयी दिल्ली, 27 अप्रैल (भाषा) खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने सोमवार को भारतीय निशानेबाजों से अपील की कि वे एक दशक के भीतर दुनिया की शीर्ष 10 खेल ताकतों में से एक बनने के देश के लक्ष्य का समर्थन करें। उन्होंने साथ ही भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) की खेल के माहौल को मजबूत करने के प्रयासों की तारीफ की।
एनआरएआई ने अपनी 75वीं वर्षगांठ एक शानदार कार्यक्रम के साथ मनाई जिसमें ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर और ट्रैप निशानेबाज जोरावर सिंह सहित शीर्ष खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर एनआरएआई ने इस ऐतिहासिक वर्ष में जमीनी स्तर पर पहुंचने की पहल के जरिए 7.5 लाख युवाओं को निशानेबाजी से जोड़ने की एक महत्वाकांक्षी योजना की भी घोषणा की।
इस मौके पर मांडविया ने कहा, ''जब एनआरएआई अपने 75 शानदार साल पूरे कर रहा है तब यह देखकर खुशी होती है कि भारतीय निशानेबाजी एथलीट ऐप, 7.5 लाख युवाओं तक जमीनी स्तर पर पहुंचने की पहल और आगामी भारतीय निशानेबाजी लीग जैसी पहल के जरिए नए प्रयोगों और एक दूरगामी सोच को अपना रही है।''
उन्होंने कहा, ''ये प्रयास प्रतिभा को पहचानने, हमारे खेल के माहौल को मजबूत करने और खिलाड़ियों के लिए अधिक अवसर पैदा करने में मदद करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने खेलों के क्षेत्र में जबरदस्त तरक्की की है और सही योजना, तालमेल और लगन के साथ हम दुनिया के अग्रणी खेल राष्ट्रों में से एक के रूप में उभर सकते हैं।''
मांडविया ने कहा कि उन्होंने भारतीय निशानेबाजी की सफलता की कहानी को करीब से देखा है और उन्हें पूरा भरोसा है कि यह आगे भी इसी तरह बढ़ती रहेगी।
उन्होंने कहा, ''भारतीय निशानेबाजों का प्रदर्शन दिल खुश करने वाला है। हम अधिक पदक जीत रहे हैं और महासंघ एक लीग शुरू करने की भी योजना बना रहा है। एक मजबूत लीग ढांचा अधिक अवसर पैदा करेगा, प्रतिभाओं के दायरे को बढ़ाएगा और यह सुनिश्चित करेगा कि खिलाड़ियों को बेहतर पहचान और समर्थन मिले।''
मांडविया ने कहा, ''लगभग 7.5 लाख बच्चों की प्रतिभा को पहचाना जाएगा। हम 2030 में राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी करने के लिए तैयार हैं और 2036 के ओलंपिक खेलों पर भी हमारी नजर है। यह हमारी क्षमता और आत्मविश्वास को दर्शाता है।''
उन्होंने कहा, ''भारत एक विशाल और विविधताओं से भरा देश है जहां संसाधनों की कोई कमी नहीं है।''
इस अवसर पर एनआरएआई एथलीट ऐप भी आधिकारिक तौर पर लॉन्च की गई। यह ऐप खिलाड़ी प्रबंधन के लिए 'वन स्टॉप इकोसिस्टम' (एक ही जगह पर सब कुछ) के रूप में काम करेगी।
भाषा
सुधीर
सुधीर
2704 1822 नयी दिल्ली