निकाय चुनाव में भाजपा की जीत : गुजरात मंत्रिमंडल ने प्रस्ताव पारित कर मतदाताओं को धन्यवाद दिया
वैभव
- 29 Apr 2026, 10:23 PM
- Updated: 10:23 PM
गांधीनगर, 29 अप्रैल (भाषा) गुजरात सरकार के मंत्रिमंडल ने स्थानीय निकाय चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मिली शानदार जीत के एक दिन बाद बुधवार को एक प्रस्ताव पारित कर मतदाताओं को समर्थन के लिए उनका धन्यवाद दिया।
अधिकारियों ने बताया कि इस प्रस्ताव में सक्षम नेतृत्व प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को भी धन्यवाद दिया गया।
गुजरात में 26 अप्रैल को हुए स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की शानदार जीत के एक दिन बाद, पटेल की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक हुई।
राज्य सरकार के प्रवक्ता और वरिष्ठ मंत्री जीतू वाघानी ने कहा, ''बैठक में, मंत्रिमंडल के सदस्यों द्वारा सर्वसम्मति से एक बधाई प्रस्ताव पारित किया गया, जिसमें भाजपा में अटूट विश्वास के लिए राज्य के मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया और मुख्यमंत्री के सक्षम नेतृत्व की सराहना की गई।''
उन्होंने कहा कि राज्य की जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास संबंधी दृष्टिकोण और मुख्यमंत्री पटेल के मजबूत नेतृत्व का समर्थन किया, जिसके परिणामस्वरूप भाजपा को चुनावों में भारी जीत मिली।
प्रवक्ता ने कहा कि गुजरात में 2026 के स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत हासिल की। प्रस्ताव में कहा गया है कि गुजरात की 6.5 करोड़ जनता ने एक बार फिर भाजपा सरकार पर अपना भरोसा जताया है।
प्रस्ताव में पिछले 25 वर्षों में भाजपा सरकारों द्वारा चलाई गई कल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों का विवरण दिया गया है।
प्रस्ताव में कहा गया, ''प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गुजरात ने ढाई दशकों से अधिक समय में अभूतपूर्व विकास देखा है। ज्योतिग्राम योजना के माध्यम से हर गांव में बिजली पहुंचाने से लेकर सुजलाम सुफलाम और सौनी योजनाओं के माध्यम से व्यापक नहर नेटवर्क के निर्माण तक, उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की गई हैं। 'वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट' जैसी पहल और लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को प्रोत्साहन देने से असाधारण औद्योगिक विकास हुआ है।''
प्रस्ताव में उन योजनाओं और पहलों का उल्लेख किया गया जिनसे गुजरात की जनता को लाभ हुआ।
इसमें कहा गया, ''चाहे वह प्रधानमंत्री आवास योजना हो, आयुष्मान भारत हो, उज्ज्वला योजना हो या स्वनिधि योजना हो, गुजरात ने यह सुनिश्चित किया है कि लाभ बिना किसी भेदभाव के समाज के अंतिम पायदान पर मौजूद व्यक्ति तक पहुंचे।''
प्रस्ताव के मुताबिक गुजरात ने नीति-संचालित राज्य के रूप में अपनी छवि को और मजबूत किया है तथा सेमीकंडक्टर एवं नवीकरणीय ऊर्जा जैसे उभरते क्षेत्रों में देश का नेतृत्व कर रहा है। वाइब्रेंट गुजरात शिखर सम्मेलन की सफलता के बाद, क्षेत्रीय सम्मेलन आयोजित किए गए, जिनसे लोगों को काफी लाभ हुआ।
मंत्रिमंडल द्वारा मंजूर प्रस्ताव में कहा गया कि ऐसे समय में जब केंद्र सरकार ने लखपति दीदी, ड्रोन दीदी, पीएम किसान सम्मान निधि, पीएम विश्वकर्मा योजना और स्टैंड-अप इंडिया जैसी कल्याणकारी पहल शुरू की हैं, गुजरात ने उनके कार्यान्वयन में एक मिसाल कायम की है।
इस दस्तावेज में घोषणा की गई है कि भाजपा शासित राज्य में ''खेलों के एक नए युग'' की शुरुआत हो गई है, जो 2030 में एक विशाल खेल आयोजन की मेजबानी करने के लिए तैयार है।
प्रस्ताव में कहा गया है, ''गुजरात को राष्ट्रमंडल खेल 2030 की मेजबानी के लिए चुने जाने के साथ ही खेल क्षेत्र में एक नए युग की शुरुआत हो गई है, जिसने भाजपा को सभी 15 नगर निगमों में व्यापक जीत दिलाने में योगदान दिया है।''
मंत्रिमंडल के प्रस्ताव में मुख्यमंत्री ग्रामोत्थान योजना और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने सहित प्रमुख ग्रामीण तथा सामाजिक कल्याणकारी पहलों पर प्रकाश डाला गया, जिन्होंने पूरे राज्य में ग्रामीण विकास को मजबूत किया है।
इसमें गांवों में सौर ऊर्जा को अपनाने में वृद्धि, किसानों के लिए दिन के समय बिजली की आपूर्ति में सुधार, भूमि लेनदेन के नियमों का सरलीकरण और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान निरंतर राहत सहायता का उल्लेख किया गया।
भाजपा ने मंगलवार को घोषित स्थानीय निकाय चुनाव के नतीजों के मुताबिक सभी 15 नगर निगमों के साथ-साथ 34 में से 33 जिला पंचायतों पर जीत हासिल की है।
भाषा धीरज वैभव
वैभव
2904 2223 गांधीनगर