पश्चिम बंगाल में सरकारी नौकरियों के लिए अधिकतम आयु सीमा पांच वर्ष तक बढ़ाई गई
नरेश
- 18 May 2026, 07:54 PM
- Updated: 07:54 PM
कोलकाता, 18 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य की सरकारी नौकरियों के लिए अधिकतम आयु सीमा को पांच वर्ष तक बढ़ाने की सोमवार को घोषणा की।
मुख्य सचिव के कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार ए, बी, सी, और डी समूह की सरकारी नौकरियों में भर्ती के लिए संशोधित आयु सीमा वित्त विभाग की ओर से औपचारिक अधिसूचना जारी किए जाने के बाद 11 मई से प्रभावी हो गई है।
विज्ञप्ति में कहा गया है, "सरकार के संकल्प पत्र में किए गए वादे को पूरा करते हुए कैबिनेट ने यह फैसला लिया है।"
पश्चिम बंगाल लोक सेवा आयोग (डब्ल्यूबीपीएससी) के जरिए भर्ती के लिए संशोधित नियमों के तहत ग्रुप 'ए' पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा बढ़ाकर 41 वर्ष, ग्रुप 'बी' पदों के लिए 44 वर्ष और ग्रुप 'सी' तथा ग्रुप 'डी' पदों के लिए 45 वर्ष कर दी गई है।
सरकार ने स्पष्ट किया कि जिन पदों के लिए पहले से निर्धारित अधिकतम आयु सीमा इससे अधिक है, वहां मौजूदा सीमा ही लागू रहेगी।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि लोक सेवा आयोग के अलावा अन्य माध्यमों से होने वाली नियुक्तियों जैसे वैधानिक निकायों, सरकारी कंपनियों और स्थानीय प्राधिकरणों द्वारा की जाने वाली भर्तियों के लिए अधिकतम आयु सीमा 45 वर्ष तय की गई है।
विज्ञप्ति के अनुसार संशोधित नियमों के तहत पहली भर्ती प्रक्रिया कॉलेज सेवा आयोग द्वारा विज्ञापन संख्या 1/2026 के तहत सरकारी सहायता प्राप्त डिग्री कॉलेजों में सहायक प्रोफेसर पदों के लिए होगी, जिसकी चयन प्रक्रिया जारी है।
विज्ञप्ति में कहा गया, "चूंकि कॉलेज सेवा आयोग एक राज्य स्तरीय वैधानिक निकाय है, इसलिए इस भर्ती में पहले की 40 वर्ष की सीमा के बजाय संशोधित 45 वर्ष की अधिकतम आयु सीमा लागू होगी।"
सरकार ने यह भी कहा कि सहायक प्रोफेसर भर्ती प्रक्रिया के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि एक महीने बढ़ाई जाएगी ताकि नए पात्र अभ्यर्थी आवेदन कर सकें।
सरकार ने कहा, "हमें विश्वास है कि इस फैसले से राज्य में खासकर उन अभ्यर्थियों की सरकारी रोजगार के अवसरों तक पहुंच काफी बढ़ेगी जो पहले की आयु सीमा को मामूली अंतर से पार कर चुके थे।"
अधिकारियों ने बताया कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और दिव्यांग अभ्यर्थियों को मिलने वाली मौजूदा आयु छूट पहले की तरह जारी रहेगी।
भाषा
जोहेब नरेश
नरेश
1805 1954 कोलकाता