ओडिशा के कालाहांडी में निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक के अंदर गए छह लोगों की दम घुटने से मौत
मनीषा
- 26 May 2026, 02:25 PM
- Updated: 02:25 PM
भुवनेश्वर/भवानीपटना, 26 मई (भाषा) ओडिशा के कालाहांडी जिले में मंगलवार को सेप्टिक टैंक के निर्माण के दौरान उसके अंदर गए कम से कम छह लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि मदनपुर-रामपुर पुलिस थाना क्षेत्र के गौड़ा कारलाखुंटा गांव में हुई इस घटना में एक व्यक्ति बीमार भी पड़ गया।
उन्होंने बताया कि सभी को मदनपुर रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने छह को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि मरने वालों में तीन राजमिस्त्री, एक मजदूर, सेप्टिक टैंक का निर्माण कर रहे बिल्डर और उनका बेटा शामिल है।
अधिकारी ने बताया कि घटना उस वक्त हुई जब उन्होंने निर्माण कार्य से संबंधित काम के लिए सेप्टिक टैंक का एक हिस्सा खोला और बिल्डर दुर्घटनावश उसके अंदर गिर गया।
उन्होंने बताया कि उन्हें बचाने के लिए अन्य लोग टैंक के अंदर घुसे।
मृतकों की पहचान निमाई पाल (48) और उनके बेटे आकाश पाल (28), अदल माझी (55), मनोरंजन हाती (27), छंदा जल (32) और बिपुल जल (30) के रूप में की गई।
पंकज यानी (32) का अस्पताल में इलाज हो रहा हैं
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने कहा, ''कालाहांडी जिले के मदनपुर-रामपुर में एक निर्माण स्थल पर हुए दुखद हादसे की जानकारी मिली। इस घटना में छह लोगों की जान चली गई। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।''
सीएमओ ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष (सीएमआरएफ) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की है।''
कालाहांडी के जिलाधिकारी सचिन पावर ने बताया कि जिला प्रशासन ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए 30-30 हजार रुपये जारी कर दिए हैं।
ओडिशा के लोक निर्माण मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने कहा कि राज्य सरकार भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगी।
पुलिस ने बताया कि इस घटना में हुई लोगों की मौत के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।
भाषा सुरभि मनीषा
मनीषा
2605 1425 भुवनेश्वर