एआई171 विमान हादसे की जांच में अहम प्रगति, पूरी जांच के बाद आएगी अंतिम रिपोर्ट: एएआईबी
पवनेश
- 12 Jun 2026, 10:27 PM
- Updated: 10:27 PM
नयी दिल्ली, 12 जून (भाषा) विमान दुर्घटना की जांच करने वाली एजेंसी एएआईबी ने शुक्रवार को कहा कि पिछले साल अहमदाबाद में एअर इंडिया के विमान हादसे की अंतिम जांच रिपोर्ट, जांच से जुड़ी सभी गतिविधियों, जरूरी अंतरराष्ट्रीय समीक्षा और परामर्श की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जारी की जाएगी।
पिछले साल 12 जून को दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान में कुल 260 लोगों की मौत हो गई थी।
जांच की वर्तमान स्थिति या अब तक सामने आए निष्कर्षों का कोई विशिष्ट विवरण दिए बिना विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने कहा कि बीते एक वर्ष के दौरान जांच टीम ने दुर्घटना से जुड़े सभी प्रासंगिक तकनीकी, परिचालन, संगठनात्मक और मानवीय पहलुओं की व्यापक एवं गहन जांच की है।
जांच की प्रगति पर जारी अंतरिम बयान में एएआईबी ने कहा कि वह स्वतंत्र, निष्पक्ष और सबूतों पर आधारित जांच करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
एएआईबी ने कहा, ''जांच से जुड़ी सभी गतिविधियों और आईसीएओ (अंतरराष्ट्रीय नागर विमानन संगठन) के निर्देशों के तहत ज़रूरी अंतरराष्ट्रीय समीक्षा एवं परामर्श की प्रक्रिया के पूरा होने के बाद अंतिम रिपोर्ट जारी की जाएगी।''
एएआईबी के अनुसार, संबंधित संगठनों के अधिकृत प्रतिनिधियों, तकनीकी सलाहकारों और विषय-विशेषज्ञों ने इस जांच में सहयोग किया है।
जांच एजेंसी ने कहा कि विमान प्रणालियों, फ्लाइट रिकॉर्डर के आंकड़ों, इंजन से जुड़े कल-पुर्जों, रखरखाव और परिचालन रिकॉर्ड समेत अन्य साक्ष्यों के विश्लेषण में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
गैटविक (लंदन) जा रहा एअर इंडिया का बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में विमान में सवार 241 लोगों और जमीन पर मौजूद 19 लोगों समेत कुल 260 लोगों की मौत हो गई थी। इस हादसे में केवल एक यात्री जीवित बचा।
हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों में भारत, ब्रिटेन, पुर्तगाल और कनाडा के नागरिक शामिल थे।
एएआईबी ने कहा कि अब तक जुटाए गए साक्ष्यों और विभिन्न परीक्षणों से प्राप्त निष्कर्षों का फिलहाल व्यापक और समन्वित तरीके से विश्लेषण किया जा रहा है।
एएआईबी ने मीडिया और आम जनता समेत सभी संबंधित पक्षों से जांच जारी रहने के दौरान अटकलें लगाने या जल्दबाजी में किसी नतीजे पर पहुंचने से बचने की अपील की।
पिछले वर्ष 12 जुलाई को जारी अपनी प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में एएआईबी ने कहा था कि एअर इंडिया के विमान एआई-171 के उड़ान भरने के तुरंत बाद दोनों इंजनों को ईंधन की आपूर्ति लगभग एक सेकंड के अंतराल में बंद हो गई थी, जिससे कॉकपिट में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई थी।
एएआईबी ने कहा था, ''कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डिंग में एक पायलट दूसरे से पूछता हुआ सुनाई देता है कि उसने ईंधन आपूर्ति क्यों बंद की। इसके जवाब में दूसरे पायलट ने कहा कि उसने ऐसा नहीं किया।''
इस बीच, बोइंग ने एक बयान में कहा कि वह एएआईबी की अगुवाई में हो रही जांच में सहयोग करना जारी रखेगी।
भाषा आशीष पवनेश
पवनेश
1206 2227 दिल्ली