मेघालय में जल्द बनेगा बड़ा फुटबॉल स्टेडियम और पांच सितारा होटल: कोनराड संगमा
सुरेश
- 15 Jun 2026, 05:58 PM
- Updated: 05:58 PM
(कुणाल दत्त)
शिलांग, 15 जून (भाषा) मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने सोमवार को कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र अब विकास की नई कहानी गढ़ने के लिए 'बड़े सपने देखने का साहस' कर रहा है।
उन्होंने आने वाले कुछ वर्षों में मेघालय में आठ नए पांच सितारा होटल खोले जाने की भी घोषणा की।
संगमा ने एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, "पूर्वोत्तर के लिए यह समय बेहद महत्वपूर्ण है और हमें सिर्फ विभिन्न प्रयासों के आपसी समन्वय की जरूरत है।"
उन्होंने कहा कि आज पूर्वोत्तर के पास विकास के लिए राजनीतिक इच्छाशक्ति, नीतियां व स्पष्ट सोच मौजूद है और यहां के राज्य अब बड़े सपने देखने का साहस दिखा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, ''पहले हम बड़े सपने देखने का साहस नहीं कर पाते थे, लेकिन अब हम ऐसा कर रहे हैं। यही आत्मविश्वास हम अपने क्षेत्र में निवेश करने के इच्छुक निवेशकों तक पहुंचाना चाहते हैं।"
'पूर्वात्तर भारत अवसंरचना सम्मेलन एवं प्रदर्शनी 2026' का आयोजन 15 और 16 जून को शिलांग के लारिती परफॉर्मिंग सेंटर में किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो और कई अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मंच पर मौजूद थे।
मेघालय के मुख्यमंत्री संगमा ने अपने संबोधन में कहा, "पिछले आठ वर्षों में हमारे राज्य का बजट दोगुना हो गया है। मुझे विश्वास है कि 2028-29 तक यह आठ साल पहले की तुलना में तीन गुना हो जाएगा।"
उन्होंने कहा, "बुनियादी ढांचे और निवेश पर होने वाला हमारा पूंजीगत व्यय पिछले आठ वर्षों में छह गुना बढ़ा है।"
संगमा ने जोर देते हुए कहा कि आज मेघालय ऐसे काम कर रहा है, जिनके बारे में हमने पहले कभी सोचा भी नहीं था।
उन्होंने कहा, "देश का सबसे बड़ा समर्पित फुटबॉल स्टेडियम मेघालय में बनाया जा रहा है। करीब 800 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस फीफा-प्रमाणित स्टेडियम में 40,000 दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी और यहां किसी भी अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैच का आयोजन किया जा सकेगा।"
मुख्यमंत्री ने कहा, "मेघालय अगले वर्ष राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी करने जा रहा है और हम इसकी पूरी तैयारी कर रहे हैं।"
संगमा ने मेघालय में जारी विभिन्न इमारतों और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा, "हमारा नया विधानसभा भवन तैयार हो चुका है। नया सचिवालय भवन भी बन रहा है और संभवतः एक से डेढ़ साल के भीतर हम वहां से प्रशासनिक कामकाज शुरू कर सकेंगे।"
भाषा जितेंद्र सुरेश
सुरेश
1506 1758 शिलांग