गुजरात पुलिस ने नीट के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किये, आईजीपी को बनाया नोडल अधिकारी
अविनाश
- 17 Jun 2026, 07:22 PM
- Updated: 07:22 PM
गांधीनगर, 17 जून (भाषा) गुजरात पुलिस ने चिकित्सा के स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 21 जून को दोबारा आयोजित राष्ट्रीय पात्रता व प्रवेश परीक्षा (नीट) को सुरक्षित और निर्बाध संपन्न कराने के लिए कई कदम उठाए हैं, जिनमें परीक्षा केंद्रों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती, आस-पास फोटोस्टेट की दुकानों और सोशल मीडिया मंचों की कड़ी निगरानी शामिल हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि गुजरात के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी)जी.एस. मलिक ने बुधवार को नीट की तैयारियों का जायजा लिया।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक डीजीपी ने वीडियो कांफ्रेंस के जरिये अधिकारियों की राज्य-स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें सभी पुलिस आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक शामिल हुए।
बैठक के दौरान यह घोषणा की गई कि पुलिस महानिरीक्षक (कानून-व्यवस्था) मकरंद चौहान को नीट से संबंधित कानून-व्यवस्था के लिए राज्य नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
विज्ञप्ति के मुताबिक परीक्षा केंद्रों पर उम्मीदवारों की संख्या के आधार पर पुलिस कर्मियों को तैनात किया जाएगा।
डीजीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित फोटोकॉपी दुकानों पर कड़ी नजर रखें और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के दिशानिर्देशों का पूरी तरह से पालन सुनिश्चित करें।
उन्होंने अभ्यर्थियों की अच्छी तरह से, लेकिन संवेदनशीलता के साथ तलाशी लेने के भी निर्देश दिए।
विज्ञप्ति के मुताबिक, ''पुलिस इकाइयों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अभ्यर्थियों खासकर महिला अभ्यर्थियों की अच्छी तरह लेकिन संवेदनशीलता के साथ तलाशी लें और साथ ही माता-पिता और अभिभावकों के साथ विनम्र व्यवहार सुनिश्चित करें।''
इसके मुताबिक परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट घड़ी और अन्य प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सुरक्षित रखने के लिए अलग से व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
विज्ञप्ति के मुताबिक किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए, सभी इकाई प्रमुखों को एनटीए प्रतिनिधियों के साथ मिलकर 20 जून को परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है।
इसमें कहा गया कि पूरे राज्य में गोपनीय परीक्षा सामग्री के परिवहन के मद्देनजर 19 से 21 जून के बीच रात में सघन गश्त की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि अफवाहों, गलत जानकारी और परीक्षा प्रक्रिया में बाधा डालने की किसी भी कोशिश से निपटने के लिए सोशल मीडिया की निगरानी भी बढ़ा दी गई है।
विज्ञप्ति के मुताबिक 21 जून को ही अंतरराष्ट्रीय योग दिवस भी है, इसलिए डीजीपी ने पुलिस इकाइयों को निर्देश दिया कि वे योग दिवस के कार्यक्रमों और परीक्षा से जुड़े कामों के लिए अलग-अलग कर्मचारियों को तैनात करें, ताकि नीट अभ्यर्थियों को कोई परेशानी नहीं हो।
नीट-यूजी तीन मई को आयोजित की गई थी लेकिन प्रश्नपत्र लीक होने और अन्य अनियमितताओं के आरोपों के बाद परीक्षा को रद्द कर दिया गया था। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दोबारा 21 जून को परीक्षा कराने की घोषणा की थी।
भाषा धीरज अविनाश
अविनाश
1706 1922 गांधीनगर