भारतीय महिला टीम के सामने दक्षिण अफ्रीका की कठिन चुनौती
पंत
- 20 Jun 2026, 11:15 AM
- Updated: 11:15 AM
मैनचेस्टर, 20 जून (भाषा) भारतीय महिला टीम टी20 विश्व कप में शानदार शुरूआत के बाद अब रविवार को यहां ग्रुप वन के कठिन मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका जैसी खतरनाक टीम के सामने उस लय को कायम रखने की कोशिश करेगी ।
हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम ने पाकिस्तान पर 64 रन से जीत के साथ अपने अभियान की शुरूआत की । सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना और विकेटकीपर बल्लेबाज रिचा घोष ने बल्ले से योगदान दिया जबकि दीप्ति शर्मा ने पांच विकेट चटकाये ।
नीदरलैंड को दूसरे मैच में भारत ने 95 रन से हराया ।
पांच बार सेमीफाइनल में पहुंच चुकी भारतीय टीम अभी तक टी20 विश्व कप नहीं जीत सकी है । अब उसे अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और बेहतरीन गेंदबाजी के लिये विख्यात दक्षिण अफ्रीका की चुनौती से पार पाना है ।
यह मुकाबला दक्षिण अफ्रीका की गेंदबाजी और भारत की बल्लेबाजी के बीच हो सकता है ।
पावरप्ले में तेजी से रन बनाने की मंधाना की काबिलियत और हरमनप्रीत के अनुभव के साथ शेफाली वर्मा और रिचा की आक्रामक बल्लेबाजी अहम होगी । वहीं दक्षिण अफ्रीका की उम्मीदें कप्तान लौरा वोल्वार्ट और मध्यक्रम के बल्लेबाजों पर टिकी होंगी ।
दक्षिण अफ्रीका ने आस्ट्रेलिया से मिली पराजय के बाद पाकिस्तान को दो विकेट से हराकर वापसी की ।
पहले दो मैचों में अच्छे प्रदर्शन के बाद आत्मविश्वास से ओतप्रोत भारतीय गेंदबाजों के सामने उसके बल्लेबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा । मैनचेस्टर की पिच स्पिनरों की मददगार साबित हो सकती है ।
दोनों टीमों को अपने क्षेत्ररक्षण में सुधार करना होगा क्योंकि अब तक के मैचों में यह पहलू अहम साबित हुआ है ।
भारत के लिये सकारात्मक बात यह है कि टीम किसी एक खिलाड़ी के प्रदर्शन पर निर्भर नहीं है और सभी ने योगदान दिया है । टीम प्रबंधन संतुलन से भी खुश होगा जिससे गेंदबाजी के विकल्पों में विविधता मिली है ।
दीप्ति की आफ स्पिन के अलावा भारत के पास अच्छे तेज और स्पिन गेंदबाजी विकल्प है ।
दूसरी ओर दक्षिण अफ्रीका महिला क्रिकेट की सबसे प्रतिस्पर्धी टीमों में से है । पिछली बार टी20 विश्व कप फाइनल खेल चुकी इस टीम के पास दबाव से निपटने का काफी अनुभव है ।
दोनों टीमों के पास अच्छे हरफनमौला हैं और यह इस ग्रुप का सबसे अहम मुकाबला साबित हो सकता है । भारत को श्रेयंका पाटिल की कमी खलेगी जो पिछले मैच में चोट के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो गई । उनकी जगह लेग स्पिनर प्रेमा रावत को शामिल किया गया है जिन्होंने अभी तक भारत के लिये पदार्पण नहीं किया है ।
टीमें :
भारत : हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा , जेमिमा रौड्रिग्स, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, रिचा घोष, श्री चरणी, यास्तिका भाटिया, नंदनी शर्मा, अरूंधति रेड्डी, रेणुका सिंह, क्रांति गौड़, राधा यादव , प्रेमा रावत ।
दक्षिण अफ्रीका : लौरा वोल्वार्ट (कप्तान), तजमीन ब्रिट्स, नडाइन डि क्लर्क, एनेरी डर्कसेन, शबनम इस्माइल, सिनालो जाफ्टा, मरियाने काप, अयाबोंगा खाका, सुने लूस, काराबो मेसो, एन मलाबा, कायला रेनेके, तुमी सेखुखुने, क्लो ट्रायोन, डेन वान नीकर्क
मैच का समय : शाम सात बजे से ।
भाषा मोना पंत
पंत
2006 1115 मैनचेस्टर