उप्र भाजपा ने जारी की प्रदेश पदाधिकारियों की सूची, मुख्यमंत्री ने दी बधाई
अमित
- 25 Jun 2026, 04:48 PM
- Updated: 04:48 PM
लखनऊ, 25 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के लिए बृहस्पतिवार को अपनी प्रदेश इकाई के लिए सभी छह क्षेत्रीय अध्यक्षों को हटाकर नये पदाधिकारियों की घोषणा की।
उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी की ओर से जारी सूची के अनुसार प्रदेश इकाई में 19 उपाध्यक्ष और आठ महासचिव बनाये गये हैं।
इसके मुताबिक पश्चिम, ब्रज, कानपुर, अवध, काशी और गोरखपुर के लिए क्षेत्रीय अध्यक्ष भी घोषित किए गए हैं। यह सूची पार्टी नेताओं द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्य के वरिष्ठ नेताओं और केंद्रीय नेतृत्व के बीच कई दौर के विचार-विमर्श के बाद जारी की गई है।
सूची के अनुसार प्रदेश महामंत्री बनाये गये नेताओं में रामप्रताप सिंह चौहान, गीता शाक्य, अभिजात मिश्रा, उपेंद्र रावत, संजय राय, शंकर लोधी, दिलीप पटेल और राजेश चौधरी शामिल है।
इसके अनुसार, उपाध्यक्ष पद पर नियुक्त होने वाले नेताओं में पूजा पाल, सुरेश राणा, नीरज सिंह और सत्यपाल सैनी सहित अन्य नेता शामिल हैं।
इसके अनुसार सभी छह क्षेत्रीय अध्यक्ष बदल दिये गये हैं। इसके अनुसार जिन लोगों को क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाया गया है उनमें नवाब सिंह नागर - क्षेत्रीय अध्यक्ष (पश्चिम), पूरन लाल लोधी - क्षेत्रीय अध्यक्ष (ब्रज), राम किशोर साहू - क्षेत्रीय अध्यक्ष (कानपुर), अवधेश द्विवेदी - क्षेत्रीय अध्यक्ष (अवध), अशोक चौरसिया - क्षेत्रीय अध्यक्ष (काशी) और विनोद राय - क्षेत्रीय अध्यक्ष (गोरखपुर) शामिल हैं।
भाजपा ने मनीष दीक्षित को राज्य मीडिया समन्वयक के पद पर बरकरार रखा, जिससे यह इस भूमिका में उनका लगातार चौथा कार्यकाल बन गया। दिनेश प्रताप सिंह को मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किया गया है, जबकि हिमांशु राज पंडित राज्य सोशल मीडिया समन्वयक के रूप में काम करेंगे।
पार्टी नेताओं ने कहा कि नयी टीम अगले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की सामाजिक पहुंच का विस्तार करने और अपनी संगठनात्मक मशीनरी को तेज करने के प्रयास को दर्शाती है।
उन्होंने यह भी संकेत दिया कि समाजवादी पार्टी के अपने "पीडीए" (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) सामाजिक गठबंधन पर लगातार जोर देने के बीच, ये नियुक्तियां विभिन्न क्षेत्रों और समुदायों के प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए की गई हैं।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पार्टी के नवनियुक्ति पदाधिकारियों को बधाई दी है। उन्होंने 'एक्स' पर लिखा, ''भारतीय जनता पार्टी, उत्तर प्रदेश के सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।''
उन्होंने कहा, ''पूर्ण विश्वास है कि आप सभी आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में संगठन को और अधिक सुदृढ़ बनाने, राष्ट्र प्रथम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने तथा जनसेवा के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करेंगे। आप सभी के सफल कार्यकाल के लिए अनंत मंगलकामनाएं।''
भाषा जफर अमित
अमित
2506 1648 लखनऊ