ग्रीव्स की जुझारू पारी से वेस्टइंडीज के पास श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला जीतने का सुनहरा मौका
पंत
- 07 Jul 2026, 10:42 AM
- Updated: 10:42 AM
नार्थ साउंड, सात जुलाई (एपी)जस्टिन ग्रीव्स की श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट के चौथे दिन सोमवार को 325 गेंदों में खेली गई संघर्षपूर्ण 180 रन की पारी की बदौलत वेस्टइंडीज ने मैच पर अपनी पकड़ ढीली नहीं होने दी और टीम चार वर्षों में पहली बार टेस्ट श्रृंखला जीतने के बेहद करीब पहुंच गई है।
श्रीलंका के नौ विकेट पर 549 रन पर पारी घोषित के जबाब में वेस्टइंडीज की पहली पारी 499 रन पर सिमटी जिससे वह केवल 50 रन पीछे रही।
दिन का खेल समाप्त होने तक श्रीलंका ने दूसरी पारी में दो विकेट पर 92 रन बना लिए थे। पहली पारी में शतक लगाने वाले लाहिरू उदारा खाता खोले बिना ही आउट हो गए, जबकि निशान फर्नांडो 20 रन बनाकर पवेलियन लौटे। स्टंप्स के समय दिनेश चांदीमल 40 और कमिंदु मेंडिस 30 रन बनाकर नाबाद थे। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी हो चुकी है। श्रीलंका की कुल बढ़त अब 142 रन की हो गई है।
श्रीलंका को मैच जीतना है तो अंतिम दिन उसे तेजी से रन बनाकर चुनौतीपूर्ण लक्ष्य खड़ा करना होगा और फिर अब तक बल्लेबाजों की मददगार रही पिच पर वेस्टइंडीज को ऑलआउट करना होगा। पहले चार दिनों में केवल 21 विकेट गिरे हैं और कुल 1,140 रन बने हैं, ऐसे में मुकाबला ड्रॉ की ओर बढ़ता नजर आ रहा है।
वेस्टइंडीज ने दो मैचों की श्रृंखला का पहला टेस्ट पारी और 217 रन से जीता था। अब उसे चार वर्षों में पहली टेस्ट श्रृंखला जीतने के लिए केवल ड्रॉ की जरूरत है। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में उसकी पिछली श्रृंखला जीत 2022 में कैरेबियाई सरजमीं पर बांग्लादेश के खिलाफ आई थी।
ग्रीव्स ने अपने टेस्ट करियर का तीसरा शतक और दूसरा सर्वोच्च स्कोर बनाया। उन्होंने पांचवें विकेट के लिए शाई होप (112) के साथ 242 रन की शानदार साझेदारी की।
ग्रीव्स ने इसके बाद निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ भी संयम से बल्लेबाजी करते हुए अंतिम पांच विकेटों के लिए 113 रन जुड़वाए और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
श्रीलंका के गेंदबाजों ने पूरे दिन अनुशासित गेंदबाजी की और शॉर्ट पिच गेंदों से बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। असिथा फर्नांडो ने 40 ओवर में 130 रन देकर पांच विकेट लिए। यह उनके टेस्ट करियर का तीसरा पांच विकेट है। वहीं बाएं हाथ के स्पिनर प्रभात जयसूर्या ने तीन विकेट हासिल किए।
वेस्टइंडीज ने दिन की शुरुआत चार विकेट पर 318 रन से आगे से की। होप 86 रन पर नाबाद थे और दिन की दूसरी ही गेंद पर उन्हें जीवनदान मिला, जब उन्होंने मिलन रत्नायके की गेंद पर विकेटकीपर को कैच थमाया, लेकिन श्रीलंका ने डीआरएस नहीं लिया।
होप लंच से ठीक पहले बेहद दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से स्टंप आउट हुए। बाएं हाथ के स्पिनर सोनल दिनूषा की गेंद को विकेटकीपर कुसल मेंडिस गेंद को साफ तरीके से नहीं पकड़ सके, लेकिन गेंद उनके दस्तानों से उछलकर सीधे स्टंप्स से जा टकराई और होप का पैर क्रीज से बाहर था।
होप ने अपनी 112 रन की पारी में 10 चौके लगाए और तेज गेंदबाजों के साथ-साथ स्पिनर जयसूर्या के खिलाफ भी पैरों का शानदार इस्तेमाल किया।
कंधे की चोट के कारण पहला टेस्ट नहीं खेल पाने वाले होप ने वापसी करते हुए 199 गेंदों पर शतक पूरा किया। यह उनके पिछले पांच टेस्ट मैचों में तीसरा शतक रहा। वहीं ग्रीव्स ने 85 रन से आगे खेलते हुए 201 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
एपी
आनन्द पंत
पंत
0707 1042 नार्थ साउंड