जालंधर में प्रधानमंत्री मोदी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार को 'कट्टर बेईमान' करार दिया
संतोष
- 17 Jul 2026, 10:45 PM
- Updated: 10:45 PM
जालंधर (पंजाब), 17 जुलाई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर कानून-व्यवस्था और कई अन्य मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। मोदी ने राज्य की सत्तारूढ़ सरकार को ''कट्टर बेईमान'' करार देते हुए कहा कि इसकी न तो साफ नीयत है और न ही इसमें ईमानदारी है।
मोदी ने कानून-व्यवस्था, कर्ज, भ्रष्टाचार और चुनावी वादों समेत कई मुद्दों पर 'आप' सरकार को घेरा।
अगले साल की शुरुआत में राज्य में विधानसभा चुनाव होने हैं और भाजपा ने अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया है।
यहां जनसभा को संबोधित करते हुए हरे रंग की पगड़ी पहने मोदी ने कहा कि सिर्फ उनकी पार्टी ही पंजाब में असली बदलाव ला सकती है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक विकसित और समृद्ध पंजाब बनाने के लिए काम करेगी।
जालंधर में 5,470 करोड़ रुपये की लागत वाली रेलवे और सड़क बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह चरमरा चुकी है।
उन्होंने कहा कि यहां कोई नहीं जानता कि कब और कहां गैंगवार हो जाए या किस दिशा से गोलियां चलने लगें।
मोदी ने कहा, ''खुलेआम रंगदारी मांगी जा रही हैं और यहां तक कि पुलिस थानों पर हमले की घटनाएं भी आम हो गई हैं।''
महाराजा रणजीत सिंह का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके शासन में खुशहाली, सुरक्षा और सांप्रदायिक सद्भाव था।
कई मुद्दों पर भगवंत मान सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ''लेकिन आज पंजाब में जो हो रहा है, वह किसी से छिपा नहीं है।''
मोदी ने आरोप लगाया, ''आम आदमी पार्टी की पहचान एक 'कट्टर बेईमान' पार्टी की है।''
उन्होंने कहा, ''यहां 'विश्वासघात' की तस्वीर को छिपाने के लिए विज्ञापनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। आज पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति बहुत खराब है।''
नशे की समस्या पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सबसे दुखद बात यह है कि पंजाब का भविष्य भी बर्बाद किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया, ''नशा तस्कर खुलेआम घूम रहे हैं और पंजाब के युवाओं को नशे की लत के जाल में धकेला जा रहा है।''
मोदी ने कहा कि पंजाब में सत्ता में मौजूद लोगों ने कभी अहंकार के साथ दावा किया था कि वे देश की राजनीति बदल देंगे।
मोदी ने कहा, ''लेकिन, आज पूरा देश उनका असली चेहरा देख रहा है। अभी दो-तीन दिन पहले ही दिल्ली में उनके एक नेता (ताहिर हुसैन) को अदालत ने दोषी ठहराया है। उसे दंगा और पुलिस के आसूचना ब्यूरो (आईबी) के अधिकारी की हत्या के मामले में दोषी पाया गया। और उनकी बेशर्मी देखिए, अदालत ने सबूतों के आधार पर फैसला सुनाया, फिर भी ये लोग अदालत के फैसले पर सवाल उठा रहे हैं।''
उन्होंने कहा कि वोट बैंक की राजनीति के कारण ये लोग अदालत के फैसले को भी धर्म के नजरिए से देखने की कोशिश कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी का इशारा आम आदमी पार्टी (आप) के पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन और चार अन्य लोगों को आईबी अधिकारी अंकित शर्मा की हत्या के मामले में दोषी ठहराए जाने की ओर था। वर्ष 2020 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुए दंगों के दौरान भीड़ ने अंकित शर्मा पर हमला किया था और उनकी हत्या के बाद शव एक नाले में फेंक दिया गया था।
मोदी ने यह भी कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार के दौरान स्वास्थ्य मंत्री को रिश्वतखोरी के आरोपों के चलते पद से हटाया गया था, जबकि एक अन्य मंत्री पर धन शोधन के गंभीर आरोप लगे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने पंजाब को लाखों करोड़ रुपये आवंटित किए।
उन्होंने कहा, ''इस धन का उपयोग गांवों की सड़कें, नहरें और कृषि मंडियां बनाने में किया जा सकता था। लेकिन पंजाब सरकार इन निधियों को वहां खर्च करने में विफल रही, जहां उनकी सबसे अधिक आवश्यकता थी। यह लूट ऋण लेकर जुटाए गए धन से भी की जा रही है।''
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि पंजाब के नाम पर कर्ज लिया जा रहा है और बजट का एक बड़ा हिस्सा उस कर्ज को चुकाने में खर्च हो रहा है, जबकि राज्य सरकार चलाने वाले लोग उसी पैसे का लाभ उठा रहे हैं।
मोदी ने शिरोमणि अकाली दल पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उसे जनता की चिंता नहीं है, क्योंकि वह अपने ही मामलों में उलझा हुआ है।
उन्होंने कहा, ''पूरे पंजाब में विकास कार्य ठप हो गए हैं। जिन परियोजनाओं को दिखाया जा रहा है, वे सभी केंद्र सरकार की पहल हैं।''
प्रधानमंत्री ने यहां शुरू की गई विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा, ''अब जालंधर विकास का गवाह बन रहा है।''
मोदी ने कहा कि भले ही पंजाब में भाजपा की सरकार नहीं है, लेकिन केंद्र में भाजपा नीत राजग सरकार राज्य के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही है।
कांग्रेस पर हमला करते हुए उन्होंने कहा, ''2014 से पहले रेलवे की क्या स्थिति थी? उस समय की कांग्रेस सरकार नई ट्रेनों को लेकर झूठी घोषणाएं करती थी और फिर चुप बैठ जाती थी।''
मोदी ने यह भी कहा कि कांग्रेस की पंजाब इकाई में मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही अंदरूनी लड़ाई कभी खत्म होती नजर नहीं आती। उन्होंने कहा, ''वे जनता के लिए नहीं लड़ रहे हैं, वे आपस में ही लड़ रहे हैं।''
भाषा शफीक संतोष
संतोष
1707 2245 जालंधर