कभी यमाल को अपनी गोद में उठाया था मेस्सी ने, अब खिताब के लिये आमने सामने
मोना
- 18 Jul 2026, 01:40 PM
- Updated: 01:40 PM
बार्सीलोना, 18 जुलाई (एपी) दो दशक पहले फोटोग्राफर जोआन मोन्फोर्ट ने सोचा भी नहीं होगा कि प्लास्टिक के टब में एक सुंदर से बच्चे को नहलाते हुए युवा लियोनेल मेस्सी की उनके द्वारा खींची गई तस्वीर कभी इतनी चर्चित हो जायेगी ।
वह बच्चा कोई और नहीं स्पेन का सुपरस्टार फुटबॉलर लामिन यमाल है । बाथटब से विश्व कप फाइनल तक यमाल का सामना अपने से 20 साल बड़े मेस्सी से होगा और दांव पर फुटबॉल की बादशाहत है ।
रविवार को फीफा विश्व कप फाइनल में मेस्सी की अर्जेंटीना का सामना यमाल की स्पेन टीम से होगा लिहाजा उस तस्वीर का चर्चा में आना लाजमी है ।
लंबे बालों वाले कम उम्र के मेस्सी के हाथ साबुन के झाग में सने हैं और टब में 'बेबी यमाल' है । ऐसा लग रहा है कि मानो वह यमाल को फुटबॉल का अगला सुपरस्टार बना रहे हों ।
आखिर बार्सीलोना की दस नंबर की उनकी चर्चित जर्सी भी तो यमाल को ही मिली है ।
मोन्फोर्ट ने कहा ,'' मेरा कभी इस बात में विश्वास नहीं रहा कि नियति ने सब कुछ तय कर रखा है लेकिन अब मेरा भरोसा होने लगा है ।''
एपी के लिये फ्रीलांस फोटोग्राफर के तौर पर काम करने वाले मोन्फोर्ट ने यह तस्वीरें 2007 में एक चैरिटी कैलेंडर के लिये ली थी जो स्थानीय अखबार स्पोर्ट और यूनिसेफ ने तैयार कराया था ।
यह किस्मत ने ही तय किया था कि कैलेंडर में नजर आ रही यमाल की मां ने बार्सीलोना के पास मातारो शहर के उन परिवारों की एक स्पर्धा जीत गई थी जो इसमें हिस्सा लेना चाहते थे । यह किस्मत ने ही तय किया था कि 15 साल बाद उनका बेटा बार्सीलोना का स्टार बनेगा और अर्जेंटीना के इस महानतम फुटबॉलर की विरासत संभालेगा ।
मेस्सी ने 2021 में बार्सीलोना से विदा ली जब क्लब आर्थिक संकट से जूझ रहा था । यमाल दो साल बाद क्लब से जुड़े ।
मेस्सी ने शुक्रवार को यमाल के बारे में कहा ,'' वह इस समय दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से है । मैं उसे शुभकामना देता हूं । वह 19 साल का है और उसका भविष्य उज्जवल है ।''
उस तस्वीर के बारे में उन्होंने कहा ,'' यह क्रेजी तस्वीर है । वह बच्चा था और अब हम एक दूसरे के आमने सामने है ।''
आश्चर्य की बात तो यह है कि मोन्फोर्ट के पास तस्वीरों का संग्रह नहीं था लेकिन यमाल के पिता ने 2024 यूरो चैम्पियनशिप के दौरान सोशल मीडिया पर इसे साझा किया जब यमाल के प्रदर्शन के दम पर स्पेन ने खिताब जीता था ।
उसके बाद से यह तस्वीर वायरल हो गई ।
मोन्फोर्ट ने कहा ,'' अब दुनिया भर में इस तस्वीर में लोगों की रूचि बढ गई है । फाइनल अमेरिका में होने से और उत्साह है । अब इसे मेस्सी और यमाल के बीच फाइनल बताया जा रहा है । यह बिल्कुल किसी फिल्म की पटकथा जैसा है ।''
एपी
मोना
मोना
1807 1340 बार्सीलोना