प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबे कार्यकाल के लिए मोदी को अमेरिकी सांसदों, उद्यमियों ने बधाई दी
नेत्रपाल
- 10 Jun 2026, 01:02 PM
- Updated: 01:02 PM
(इंट्रो में सुधार के साथ)
(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, 10 जून (भाषा) भारत के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में लगातार सबसे लंबे कार्यकाल के लिए नरेन्द्र मोदी को बधाई देते हुए अमेरिका के अनेक सांसदों, उद्यमियों और भारतीय मूल के लोगों ने कहा कि उनका कार्यकाल बदलाव लाने वाला रहा है।
मोदी बुधवार को भारत के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में लगातार सबसे लंबे समय तक पद पर बने रहने वाले व्यक्ति बन गए। वह लगातार 4,399 दिन से इस पद पर हैं और उन्होंने पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
सीनेट इंडिया कॉकस के सह-अध्यक्ष और अमेरिकी सांसद जॉन कॉर्निन ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में बधाई। तीन बार लोकतांत्रिक जनादेशों में 1.4 अरब लोगों के भरोसे से उन्होंने 4,399 दिन तक नेतृत्व किया है।''
कॉर्निन ने कहा, ''25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने से लेकर भारत को दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने तक, प्रधानमंत्री मोदी का कार्यकाल बदलाव लाने वाला रहा है। अमेरिका-भारत की साझेदारी पहले कभी इतनी मज़बूत नहीं रही।''
टेनेसी से रिपब्लिकन सांसद बिल हेगेर्टी ने कहा, ''भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई, जो देश के सबसे लंबे समय तक रहने वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अमेरिका-भारत साझेदारी वास्तव में समग्र, वैश्विक और रणनीतिक बन गई है।''
अमेरिकी गायिका मैरी मिलबेन ने प्रधानमंत्री मोदी को अपना दोस्त बताते हुए उन्हें इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
उन्होंने कहा, ''आप अमेरिका के कई राष्ट्रपतियों से ज्यादा लंबे समय तक पद पर रहे हैं, जिनमें से कुछ के साथ आपके बहुत अच्छे रिश्ते रहे और कुछ के प्रति आपकी बहुत इनायत रही, फिर भी आपने स्पष्ट कूटनीति में कभी कोई कमी नहीं छोड़ी, जिसमें भारतीय लोगों के हितों के साथ-साथ हमारे दोनों देशों की सेहत का भी ध्यान रखा गया।''
पालो आल्टो नेटवर्क्स के सीईओ निकेश अरोड़ा ने प्रधानमंत्री मोदी को लगातार तीन बार देश की 1.4 अरब जनता के विश्वास से अर्जित नेतृत्व के लिए बधाई दी।
भारत में 1952 के आम चुनाव के बाद निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में नेहरू के 4,398 दिनों के कार्यकाल के रिकॉर्ड को मोदी ने 10 जून को पीछे छोड़ दिया। नेहरू का कार्यकाल 1947 से 1952 तक एक अंतरिम सरकार के प्रमुख के रूप में था क्योंकि चुनाव 1952 में हुए थे।
पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का कार्यकाल 14 वर्ष का था जो मोदी के कार्यकाल से अधिक है लेकिन उनका प्रधानमंत्री पद का कार्यकाल लगातार नहीं था।
नेहरू के 4,398 दिन के रिकॉर्ड को तोड़कर मोदी भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए।
भारी बहुमत से जीत हासिल करने के बाद मोदी ने 26 मई, 2014 को भारत के प्रधानमंत्री के रूप में पहली बार पदभार संभाला था। उन्हें 2019 में और बड़े जनादेश के साथ पुनः चुना गया तथा उनका दूसरा कार्यकाल उसी वर्ष 30 मई को शुरू हुआ। उनका तीसरा कार्यकाल नौ जून, 2024 को शुरू हुआ।
भाषा वैभव नेत्रपाल
नेत्रपाल
नेत्रपाल
1006 1302 वाशिंगटन