हरियाणा के नूंह में 40 लाख के कर्ज को लेकर 'दोस्त' ने चिकित्सक की गला घोंटकर हत्या की
राखी पवनेश
- 06 Sep 2025, 10:33 PM
- Updated: 10:33 PM
गुरुग्राम, छह सितंबर (भाषा) हरियाणा के नूंह जिले के पुन्हाना शहर में एक चिकित्सक की उसके पूर्व मित्र ने लाखों रुपये के कर्ज विवाद में कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी और उसके शव को गंगा नदी में फेंक दिया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, 60 वर्षीय डॉ. विनोद गोयल 28 अगस्त को लापता हो गए थे। उसी दिन उनके कंपाउंडर महेन्द्र को चिकित्सक के मोबाइल से एक संदेश मिला जिससे परिवार की चिंता कुछ समय के लिए कम हुई।
इसके बाद चिकित्सक से कोई संपर्क नहीं हो पाया।
चिकित्सक की सलामती को लेकर चिंतित उनके भाई देवेंद्र गोयल ने तीन सितंबर को गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
चिकित्सक के कॉल रिकार्ड के विश्लेषण में पुलिस के संदेह की सुईं पूर्व पार्षद दीपक राजस्थानी (42) तक पहुंची। दीपक चिकित्सक का परिचित भी था।
पुलिस के अनुसार, विनोद के क्लिनिक, गोयल नर्सिंग होम के सामने दीपक की राजस्थानी बर्तन भंडार नाम से दुकान थी। दोनों को मित्र के तौर पर जाना जाता था और अकसर साथ में दिखते थे।
उनके बीच विवाद का कारण एक कर्ज बताया गया है, जिसकी राशि विभिन्न दावों के अनुसार या तो 40 लाख रुपये थी या 23 लाख रुपये। बताया जाता है कि यह राशि विनोद ने दीपक को दी थी।
पुलिस ने 5 सितंबर को दीपक को गिरफ्तार किया और उससे अपना जुर्म कबूल किया।
पुलिस के अनुसार, देवेंद्र ने आरोप लगाया कि दीपक पर डॉ. गोयल का 40-45 लाख रुपये बकाया था जबकि दीपक का कहना है कि रकम 23 लाख रुपये है।
पुन्हाना थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया, ‘‘आरोपी दीपक ने कबूल किया कि उसने 28 अगस्त को कार में रस्सी से चिकित्सक का गला घोंट दिया। इसके बाद मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए एक सहयोगी के साथ हरिद्वार ले जाकर चिकित्सक का शव गंगा नदी में फेंक दिया।’’
उन्होंने बताया कि दीपक ने जांच को गुमराह करने के लिए चिकित्सक के मोबाइल से कंपाउंडर को संदेश भी भेजा था।
पुलिस चिकित्सक का शव तलाश रही है।
इस बीच, विधायक मोहम्मद इलियास और उनके पूर्ववर्ती नसीम अहमद ने शव बरामद होने तक थाने पर धरना देने की घोषणा की।
थाना प्रभारी ने कहा, ‘‘हम मामले की हर पहलू से जांच कर रहे हैं और जिस स्थान पर शव फेंके जाने की बात सामने आई है, वहां तलाश जारी है।’’
भाषा राखी