एबीवीपी ने डूसू चुनाव के लिए जारी किया घोषणापत्र
रवि कांत रवि कांत माधव
- 13 Sep 2025, 08:51 PM
- Updated: 08:51 PM
नयी दिल्ली, 13 सितंबर (भाषा) अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव के लिए शनिवार को अपना घोषणापत्र जारी किया।
एबीवीपी ने अपने घोषणापत्र में सब्सिडी वाले मेट्रो पास, मुफ्त वाई-फाई, स्वास्थ्य बीमा योजनाएं और दिव्यांग छात्रों के लिए आवश्यक कदम उठाने का वादा किया गया है।
संगठन ने इस बात पर भी जोर दिया कि उसका नेतृत्व पूरे वर्ष विश्वविद्यालय परिसर में काम करता है, न कि केवल चुनावों के दौरान।
छात्रों से 5,000 से अधिक सुझाव प्राप्त करने के बाद तैयार किए गए इस घोषणापत्र में शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य, खेल और रोजगार के मुद्दों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के राष्ट्रीय महासचिव वीरेंद्र सिंह सोलंकी, राष्ट्रीय सचिव शिवांगी खरवाल और दिल्ली प्रदेश सचिव सार्थक शर्मा ने एक संवाददाता सम्मेलन में यह घोषणापत्र जारी किया। इस अवसर पर डूसू चुनाव के लिए संगठन के केंद्रीय पैनल के उम्मीदवार - आर्यन मान (अध्यक्ष), गोविंद तंवर (उपाध्यक्ष), कुणाल चौधरी (सचिव) और दीपिका झा (संयुक्त सचिव) भी मौजूद रहे।
एबीवीपी के घोषणापत्र में छात्रों के लिए सब्सिडीयुक्त स्वास्थ्य बीमा, नए छात्रावासों का निर्माण, परिसरों को अधिक समावेशी बनाने के लिए सुगम्यता ऑडिट, शैक्षणिक और सांस्कृतिक समितियों के लिए बजट में वृद्धि, पर्याप्त खेल उपकरण और पोषण, परीक्षा परिणामों की समय पर घोषणा और अंतिम वर्ष के छात्रों के लिए अनुसंधान सहायता जैसे वादे शामिल हैं।
एबीवीपी के राष्ट्रीय महासचिव सोलंकी ने कहा, ‘‘ एबीवीपी का घोषणापत्र छात्रों के वास्तविक मुद्दों को उजागर करता है। सब्सिडी वाले मेट्रो पास, दिव्यांग छात्रों के लिए प्रावधान और महिला-केंद्रित उपायों को प्राथमिकता देकर, एबीवीपी के नेतृत्व वाला डूसू छात्रों के हित में साल के 365 दिन काम करने के लिए प्रतिबद्ध है। ’’
डूसू अध्यक्ष पद के उम्मीदवार आर्यन मान ने कहा कि संगठन खेल सुविधाओं, सुगम्यता और डिजिटल पहुंच पर ध्यान केंद्रित करेगा, जबकि उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार तंवर ने नौकरी मेलों, इंटर्नशिप सहायता और उद्यमिता कौशल केंद्रों पर बल दिया।
भाषा रवि कांत रवि कांत