मुंबई में फ्रांसीसी वाणिज्य दूतावास की कर्मचारी से छेड़छाड़; शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार
तान्या प्रशांत
- 17 Nov 2025, 09:36 PM
- Updated: 09:36 PM
मुंबई, 17 नवंबर (भाषा) मुंबई स्थित फ्रांस के वाणिज्य दूतावास में कार्यरत 27 वर्षीय फ्रांसीसी महिला के साथ बांद्रा इलाके में एक स्कूटर सवार व्यक्ति ने कथित तौर पर छेड़छाड़ की। एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने पिछले सप्ताह की घटना के संबंध में शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे से भी कम समय बाद शनिवार रात को धारावी निवासी 25 वर्षीय कबाड़ कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया।
खार पुलिस थाने के अधिकारी के अनुसार, आरोपी सुनील वाघेला पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से उस पर हमला या आपराधिक बल का प्रयोग) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल स्कूटर जब्त कर लिया है। शिकायत मिलने के बाद, पुलिस ने मामले की जांच के लिए बांद्रा से 50 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालीं।
अधिकारी के अनुसार, “हमने पाया कि वाघेला स्कूटर पर पीड़िता का पीछा कर रहा था, फिर उसके पास रुका और उसके साथ छेड़छाड़ करने के बाद तेजी से भाग गया। ऐसा संदेह है कि आरोपी अपराध करने से पहले कुछ दिनों से पीड़िता का पीछा कर रहा था।”
उन्होंने बताया कि पीड़िता, जो वाणिज्य दूतावास में फ्रेंच शिक्षिका के रूप में कार्यरत थी, सात नवंबर को पाली हिल स्थित अपने मित्र के घर गई थी और आठ नवंबर को रात 12.25 बजे अपने घर की ओर लौट रही थी, तभी उसके साथ यह घटना घटी।
अधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी से मिले स्कूटर के रजिस्ट्रेशन नंबर का उपयोग कर पुलिस ने धारावी में पुलिस थाने से लगभग 100 मीटर की दूरी पर स्थित वाघेला के पते की पहचान की।
उन्होंने कहा, “अपराध करने के बाद वाघेला लगभग तीन दिन तक घर नहीं लौटा। जब उसे लगा कि मामला सुलझ गया है तभी वह घर लौटा।” अधिकारी ने बताया कि धारावी में जाल बिछाया गया और तकनीकी सहायता से उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के बाद शनिवार देर रात कबाड़ व्यापारी को पकड़ लिया गया।
उन्होंने बताया कि जब पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ा, तो उसके परिवार के सदस्यों, अन्य रिश्तेदारों और धारावी में रहने वाले उसके समुदाय के लोगों ने हंगामा किया। हालांकि, पुलिस टीम ने उन्हें काबू में कर लिया और वाघेला को हिरासत में ले लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
भाषा तान्या