नितिन नवीन की युवावस्था और अनुभव भाजपा के लिए ‘अत्यंत लाभकारी’ होगा: चंद्रबाबू नायडू
नेत्रपाल पवनेश
- 19 Dec 2025, 09:44 PM
- Updated: 09:44 PM
नयी दिल्ली, 19 दिसंबर (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और राजग के प्रमुख सहयोगी एन चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन की युवावस्था और पार्टी के भीतर उनका पूर्व ‘‘सक्रिय अनुभव’’ भाजपा के लिए ‘‘अत्यंत लाभकारी’’ साबित होगा।
नायडू ने यहां नवीन से मुलाकात के बाद ये टिप्पणियां कीं।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री ने नवीन से मुलाकात कर भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में उनकी नियुक्ति पर उन्हें बधाई दी।
तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के अध्यक्ष के साथ उनकी पार्टी के नेता भी मौजूद थे, जिनमें नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू और ग्रामीण विकास राज्य मंत्री चंद्र शेखर पेम्मासानी शामिल थे। इस दौरान तेदेपा सांसद और पार्टी के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष लावु श्री कृष्ण देवरायलु भी उनके साथ थे।
भाजपा ने बैठक के बाद एक बयान में कहा, ‘‘एन चंद्रबाबू नायडू ने भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन को गुलदस्ता भेंट किया, उन्हें बधाई दी और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।’’
बयान के अनुसार, नायडू ने कहा कि नितिन नवीन की युवावस्था और भाजपा के भीतर उनका पूर्व सक्रिय अनुभव पार्टी के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होगा।
नायडू ने ‘एक्स’ पर नवीन के साथ अपनी मुलाकात की तस्वीरें पोस्ट कीं और कहा, ‘‘भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की और उन्हें नयी भूमिका संभालने पर शुभकामनाएं दीं।’’
वहीं, नवीन ने मुलाकात की तस्वीरें पोस्ट करते हुए ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री एन चंद्रबाबू नायडू गारू से मुलाकात की और उनकी हार्दिक शुभकामनाएं और बधाईयां प्राप्त कीं।’’
नवीन से मुलाकात के बाद नायडू ने पत्रकारों से कहा, ‘‘वह युवा हैं और भाजपा में काम करने का उन्हें अच्छा खासा अनुभव भी है। यह एक प्रेरणादायक समय है।’’
नायडू ने बैठक के बाद भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की उपस्थिति में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश बहुत तेजी से प्रगति कर रहा है। अब नवीन मोदी के नेतृत्व में भाजपा का नेतृत्व कर रहे हैं।’’
भाषा नेत्रपाल