दिल्ली चिकित्सक हत्याकांड : परिवार के लिए 24 साल से काम कर रहा घरेलू सहायिका मुख्य आरोपी
रवि कांत माधव
- 13 May 2024, 09:19 PM
- Updated: 09:19 PM
नयी दिल्ली, 13 मई (भाषा) दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में हाल ही में एक बुजुर्ग चिकित्सक की नृशंस हत्या की जांच कर रही पुलिस की टीम का कहना है कि चिकित्सक के परिवार के साथ बीते 24 वर्ष से काम कर रही घरेलू सहायिका इस हत्याकांड की मुख्य साजिशकर्ता है।
पुलिस ने कहा कि उन्होंने हत्या के सिलसिले में परिवार की घरेलू सहायिका बसंती और उसके सहयोगी आकाश जोशी और हिमांशु को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक बसंती ने अपराध को आसानी से अंजाम देने के लिए मैसेंजर एप्लिकेशन का उपयोग करके वीडियो कॉल के माध्यम से अपने साथियों को पहले ही घर के अंदर का नजारा दिखा दिया था।
चिकित्सक योगेश चंद्र पॉल (63) दिल्ली के जंगपुरा एक्सटेंशन स्थित अपने घर में 10 मई को मृत पाए गए थे।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पॉल की पिटाई की, उनका मुंह बंद कर दिया और फिर उन्हें कुर्सी से बांध दिया। इसके बाद वे पॉल को कुर्सी से बांधकर रसोई में ले गए, जहां उन्होंने उनके सिर पर किसी कुंद वस्तु से हमला किया और कुत्ते के पट्टे से उनका गला घोंट दिया।
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त राजेश देव ने कहा, ‘‘इस हत्याकांड की प्रमुख साजिशकर्ता बसंती अपने साथियों को घर के अंदर का नजारा दिखाने के लिए वीडियो कॉल किया करती थी। उसके सहयोगियों को पहले से ही पता था कि चिकित्सक का घर अंदर से कैसा दिखता है और वे अपनी योजना को कहां अंजाम दे सकते हैं।’’
पुलिस उपायुक्त ने कहा कि घरेलू सहायकों की पहचान का सत्यापन हर किसी के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।
पुलिस ने कहा कि पॉल के परिवार वालों को बसंती पर कभी शक नहीं हुआ क्योंकि वह पिछले 24 साल से उनके परिवार के साथ काम कर रही थी।
उन्होंने बताया कि बसंती और उसके दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि चिकित्सक की हत्या के सिलसिले में कम से कम पांच अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस उपायुक्त राजेश देव ने कहा, ‘‘बसंती की दोस्त वर्षा, भीम, विश्वरूप साईं और नेपाल के दो नागरिक अभी भी फरार चल रहे हैं और हमें संदेह है कि वे नेपाल सीमा पार करने में कामयाब रहे हैं। हमने अलग-अलग टीमें बनाई हैं जो चौबीसों घंटे काम कर रही हैं और बाकी आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।’’
भाषा रवि कांत