जोकोविच ग्रैंड स्लैम में 399वीं जीत से तीसरे दौर में, कीज भी आगे बढ़ी
नमिता
- 22 Jan 2026, 08:07 PM
- Updated: 08:07 PM
मेलबर्न, 22 जनवरी (एपी) रिकॉर्ड 10 बार के विजेता नोवाक जोकोविच ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए बुधवार को यहां सीधे सेटों में जीत दर्ज करके ऑस्ट्रेलियाई ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष एकल के तीसरे दौर में जगह बनाई जबकि महिला वर्ग में मौजूदा चैंपियन मैडिसन कीज़ भी आगे बढ़ने में सफल रही।
जोकोविच ने वर्तमान टूर्नामेंट में पहली बार अपनी सर्विस गंवाई लेकिन इसके बाद उन्होंने कोई चूक नहीं दिखाई और दूसरे दौर के मैच में फ्रांसेस्को मैस्ट्रेली को 6-3, 6-2, 6-2 से पराजित किया।
यह ग्रैंड स्लैम एकल मैच में जोकोविच की 399वीं जीत है। इस तरह से रिकॉर्ड 24 बार के ग्रैंड स्लैम खिताब विजेता को 400 जीत तक पहुंचने वाला पहला खिलाड़ी बनने के लिए अब केवल एक और जीत की जरूरत है।
जोकोविच ने तीसरे सेट के छठे गेम में सर्विस गंवाई लेकिन अगले गेम में उन्होंने मैस्ट्रेली की सर्विस तोड़कर 5-2 की बढ़त बना ली। बाद में जोकोविच ने लगातार आठ अंक जीतकर मैच अपने नाम किया। वह मेलबर्न पार्क में अपना 11वां और कुल मिलाकर 25वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने की कवायद में हैं।
जोकोविच ने अपने प्रतिद्वंद्वी के बारे में कहा, ''कल तक मैं उसके बारे में ज्यादा नहीं जानता था। उसकी सर्विस दमदार है। उसका खेल भी शानदार है। उसे बड़े मंच पर खेलने का अनुभव भले ही कम हो, लेकिन उसमें बड़े शॉट लगाने की क्षमता है।''
तीसरे दौर में जोकोविच का सामना बोटिक वैन डे ज़ैंड्सचल्प से होगा, जिन्होंने शांग जुनचेंग को 7-6 (6), 6-2, 6-3 से हराया।
जोकोविच अगर 25वां ग्रैंड स्लैम जीतने का सपना सच कर पाये तो वह ओपन युग में सबसे उम्रदराज पुरुष के रूप में ग्रैंड स्लैम एकल चैंपियनशिप जीतने वाले केन रोज़वॉल (जो 1972 में 37 साल के थे) का रिकॉर्ड तोड़ देंगे।
रोजवॉल का नाम मेलबर्न पार्क में पांचवें दिन खासा चर्चित रहा, जहां वह आमंत्रित वीआईपी (मुख्य अतिथियों) में शामिल थे।
स्टैन वावरिंका 40 साल और 310 दिन की उम्र में पहले पुरुष खिलाड़ी बने जिन्होंने 1978 के रोज़वॉल के बाद किसी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के तीसरे दौर में प्रवेश किया। उन्होंने 21 वर्षीय क्वालीफायर आर्थर गीया के खिलाफ साढे चार घंटे तक चले मुकाबले में 4-6, 6-3, 3-6, 7-5, 7-6 (3) से जीत दर्ज की। यह 2026 के टूर्नामेंट का अब तक का सबसे लंबा मैच था।
वावरिंका इस साल के अंत में संन्यास की घोषणा कर चुके है। वह नौवीं रैंकिंग के खिलाड़ी टेलर फ्रिट्ज़ का सामना करेंगे।
यानिक सिनर ने जेम्स डकवर्थ को रोड लेवर एरीना में 6-1, 6-4, 6-2 से हराकर ऑस्ट्रेलियाई ओपन में तीन बार लगातार जीत का अभियान जारी रखा।
महिला वर्ग में शुरुआती दो दौर में अपनी फैशन से सुर्खियां बटोरने वाली नाओमी ओसाका को सोराना सिस्तेआ से कड़ी टक्कर मिली। उन्होंने हालांकि दूसरा सेट गंवाने के बाद अच्छी वापसी करते हुए 6-3, 4-6, 6-2 से जीत दर्ज की।
इगा स्वियातेक ने मैरी बोजकोवा को 6-2, 6-3 से हराया।
मौजूदा चैंपियन मैडिसन कीज़ को दूसरे सेट में कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा लेकिन आखिर में उन्होंने अमेरिकी खिलाड़ी एशलीन क्रूगर को 6-1, 7-5 से हराकर तीसरे दौर में जगह बनाई।
पहले सेट में शानदार प्रदर्शन करने के बाद नौवीं वरीयता प्राप्त कीज़ दूसरे सेट में 5-2 से पिछड़ गईं, लेकिन जॉन केन एरिना में उन्होंने जोरदार वापसी करने का शानदार नमूना पेश किया और लगातार पांच अंक हासिल करके जीत दर्ज की।
कीज़ ने कहा, ''मुझे लगता है कि मैंने बहुत अच्छी शुरुआत की और एशलिन ने थोड़ी धीमी शुरुआत की। मुझे पूरी उम्मीद थी कि वह अपने खेल का स्तर बढ़ाएगी और उसने ऐसा किया भी लेकिन मैंने वापसी के लिए अपनी तरफ से पुरजोर कोशिश जारी रखी और आखिर में उसमें सफल रही।''
कीज़ का अगला मुकाबला कैरोलिना प्लिस्कोवा से होगा, जिन्होंने इंडोनेशिया की जेनिस ट्जेन को 6-4, 6-4 से हराया।
रैंकिंग में चौथे स्थान पर काबिज अमांडा अनिसिमोवा ने युगल चैंपियन कैटरीना सिनियाकोवा को 6-1, 6-4 से हराया और छठी वरीयता प्राप्त जेसिका पेगुला ने अपनी युगल साथी मैककार्टनी केसलर को 6-0, 6-2 से मात दी।
पिछले दो प्रमुख टूर्नामेंटों में उपविजेता रहीं अनिसिमोवा का अगला मुकाबला साथी अमेरिकी खिलाड़ी पेटन स्टर्न्स से होगा। पेगुला के सामने ओक्साना सेलेखमेतेवा की चुनौती होगी। ओक्साना ने 2025 की सेमीफाइनलिस्ट पाउला बडोसा को 6-4, 6-4 से हराकर उलटफेर किया।
पांचवें नंबर की खिलाड़ी एलेना रायबाकिना ने वरवारा ग्राचेवा को हराकर अगले दौर में जगह बनाई लेकिन बेलिंडा बेनसिच निकोला बार्टुनकोवा से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गईं।
अमेरिका की खिलाड़ियों के बीच खेले गए एक अन्य मुकाबले में छठी वरीयता प्राप्त जेसिका पेगुला ने मैककार्टनी केसलर को 6-0 6-2 से हराया
पुरुषों में आठवीं वरीयता प्राप्त बेन शेल्टन ने ऑस्ट्रेलियाई क्वालीफायर डेन स्वीनी पर 6-3, 6-2, 6-2 से जीत हासिल की जबकि पांचवीं वरीयता प्राप्त लोरेंजो मुसेटी ने इटली के अपने साथी लोरेंजो सोनेगो को 6-3, 6-3, 6-4 से हराया।
अमेरिकी खिलाड़ी एलियट स्पिज़िर्री ने पांच कड़े सेटों में वू यिबिंग को हराया और अब उनका सामना सिनर से होगा।
यूएस ओपन 2014 के विजेता मारिन सिलिच ने 21वें नंबर के डेनिस शापोवालोव को हराया और टॉमस माचक ने 2023 ऑस्ट्रेलियन ओपन के उपविजेता स्टेफानोस त्सित्सिपास को 6-4, 3-6, 7-6 (5), 7-6 (5) से हराकर उलटफेर किया।
रात्रि सत्र शुरू होने से पहले दर्शकों से पिछले महीने बॉन्डी बीच आतंकी हमले में मारे गए 15 लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए एक मिनट का मौन रखने का अनुरोध किया गया। ऑस्ट्रेलिया में इसे राष्ट्रीय शोक दिवस घोषित किया गया था ।
एपी
पंत आनन्द नमिता
नमिता
2201 2007 मेलबर्न