बजट सत्र में मनरेगा, एसआईआर और विदेश नीति के मुद्दों को उठाएगी कांग्रेस
पवनेश
- 27 Jan 2026, 07:56 PM
- Updated: 07:56 PM
नयी दिल्ली, 27 जनवरी (भाषा) कांग्रेस ने मंगलवार को फैसला किया कि वह संसद के बजट सत्र के दौरान मनरेगा, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), विदेश नीति और कुछ अन्य विषय उठाएगी तथा सरकार से जवाब मांगेगी।
पार्टी संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी की अध्यक्षता में पार्टी सांसदों के रणनीतिक समूह की हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। हालांकि पार्टी सांसद शशि थरूर इसमें शामिल नहीं हुए।
उनके करीबी सूत्रों का कहना है कि थरूर दुबई से देर शाम दिल्ली पहुंचे, जिस कारण वह इस बैठक में शामिल नहीं हो सके तथा इस बारे में उन्होंने पहले ही पार्टी को अवगत करा दिया था।
कांग्रेस से नाराजगी की खबरों के बीच हाल के दिनों में यह दूसरा मौका है जब थरूर कांग्रेस की किसी बैठक में नहीं पहुंचे। वह पिछले दिनों केरल के कांग्रेस नेताओं के साथ कांग्रेस नेतृत्व की बैठक में शामिल नहीं हुए थे।
इस बैठक के बाद राज्यसभा में कांग्रेस के सचेतक सैयद नासिर हुसैन ने कहा, ''आज की बैठक में बजट सत्र के पहले हिस्से को लेकर चर्चा की गई। मनरेगा के मुद्दे को पहले हिस्से में उठाया जाएगा। हम एसआईआर का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाएंगे। पर्यावरण के मुद्दों अरावली और ग्रेट निकोबार को भी उठाया जाएगा।''
हुसैन ने कहा, ''सरकार ने वादा किया है कि जम्मू-कश्मीर के पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल किया जाएगा, लेकिन अब तक नहीं हुआ। इसे भी उठाया जाएगा।''
उनका कहना था कि विदेश नीति, अमेरिकी टैरिफ और कुछ अन्य विषयों को भी उठाया जाएगा।
विपक्षी दल बुधवार सुबह संसद भवन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यालय में बैठक कर बजट सत्र को लेकर आगे की रणनीति तय करेंगे।
संसद का बजट सत्र 28 जनवरी से शुरू होकर दो अप्रैल तक चलेगा। केंद्रीय बजट एक फरवरी (रविवार) को पेश किया जाएगा।
सत्र का पहला चरण 13 फरवरी तक चलेगा, जिसमें राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को लेकर चर्चा होगी और उसे पारित किया जाएगा।
इसी चरण में केंद्रीय बजट पर भी चर्चा होगी।
इसके बाद सदन की बैठक दोबारा नौ मार्च को शुरू होगी और इस दूसरे चरण की समाप्ति के लिए दो अप्रैल की तारीख निर्धारित की गई है।
भाषा हक
हक पवनेश
पवनेश
2701 1956 दिल्ली