प्रधानमंत्री मोदी ने आदमपुर हवाई अड्डे का नाम बदलकर 'श्री गुरु रविदास महाराज जी' हवाई अड्डा किया
पारुल
- 01 Feb 2026, 10:52 PM
- Updated: 10:52 PM
(फोटो के साथ)
जालंधर, एक फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को संत गुरु रविदास की जयंती के मौके पर आदमपुर हवाई अड्डे का नाम बदलकर उनके नाम पर रख दिया। उन्होंने लुधियाना के हलवारा हवाई अड्डे पर टर्मिनल भवन का वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से उद्घाटन भी किया।
प्रधानमंत्री अपराह्न लगभग तीन बजकर 45 मिनट पर आदमपुर हवाई अड्डे पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह सम्मान और गौरव की बात है कि आज संत रविदास जयंती के पावन अवसर पर एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है कि आदमपुर हवाई अड्डे को अब 'श्री गुरु रविदास महाराज जी' हवाई अड्डे के नाम से जाना जाएगा।
गुरु रविदास की 649वीं जयंती के मौके पर मोदी यहां डेरा सचखंड बल्लां भी गए।
बाद में उन्होंने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''यह हम सभी के लिए बहुत खुशी का दिन है। यह श्री गुरु रविदास महाराज जी के शाश्वत आदर्शों के प्रति विनम्र श्रद्धांजलि है। समानता, करुणा और सेवा का उनका संदेश हम सभी को गहराई से प्रेरित करता है।''
मोदी ने लुधियाना के हलवारा हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन का भी उद्घाटन किया, जिससे पंजाब में बुनियादी विमानन ढांचे को और बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा, ''हलवारा हवाई अड्डे पर टर्मिनल भवन का उद्घाटन पंजाब के लोगों, विशेषकर लुधियाना और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए अपार खुशी का पल है। जैसा कि हम सभी जानते हैं, लुधियाना उत्तर भारत का एक महत्वपूर्ण औद्योगिक और वाणिज्यिक केंद्र है।''
मोदी ने कहा, ''यह शहर अपने ऊर्जावान लोगों के लिए जाना जाता है। हमारी सरकार इस शहर के लिए हवाई संपर्क सुधारने के वास्ते अथक प्रयास कर रही है, जिसका प्रमाण आधुनिक हवाई अड्डे के लिए जारी निर्माण कार्य में मिलता है।''
रायकोट उपखंड के हलवारा स्थित भारतीय वायु सेना अड्डे पर विकसित इस टर्मिनल से क्षेत्र में हवाई संपर्क में उल्लेखनीय सुधार होने और औद्योगिक एवं आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
हवाई अड्डे की टर्मिनल भवन परियोजना को पंजाब सरकार और भारतीय विमानन प्राधिकरण के बीच एक संयुक्त उद्यम के रूप में 54.67 करोड़ रुपये के परिव्यय से स्थापित किया गया है।
इस मौके पर केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और अन्य गणमान्य व्यक्ति लुधियाना के हलवारा हवाई अड्डे पर मौजूद थे।
प्रधानमंत्री के जालंधर दौरे के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
अधिकारियों ने बताया कि हलवारा हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन के शुरू होने से क्षेत्र में हवाई संपर्क में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है, जिससे औद्योगिक गतिविधियों, पर्यटन, स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा और इस तरह पंजाब के समग्र सामाजिक-आर्थिक विकास में योगदान होगा।
उन्होंने बताया कि हवाई संपर्क में सुधार और बड़े विमानों को समायोजित करने के लिए हलवारा में एक नया सिविल एन्क्लेव विकसित किया गया है, जिसमें ए320 जैसे विमानों को संभालने में सक्षम लंबा रनवे है।
लुधियाना के लिए हवाई संपर्क शहर के उद्योगपतियों की प्रमुख मांगों में से एक रहा है, जिन्हें दिल्ली, चंडीगढ़ या अमृतसर से उड़ान भरनी पड़ती है।
भाषा देवेंद्र पारुल
पारुल
0102 2252 जालंधर