कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी; उत्तर भारत में रात के तापमान में वृद्धि
पारुल
- 02 Feb 2026, 12:18 AM
- Updated: 12:18 AM
नयी दिल्ली, एक फरवरी (भाषा) जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में रविवार को बर्फबारी और बारिश हुई। वहीं, उत्तरी राज्यों में रात के तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।
जम्मू-कश्मीर में अनंतनाग जिले के पहलगाम और कुलगाम जिले के काजीगुंड क्षेत्र में हिमपात हुआ, जबकि श्रीनगर शहर सहित दक्षिण कश्मीर के कई इलाकों में बारिश हुई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, श्रीनगर शहर में शनिवार रात न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछली रात के 0.1 डिग्री सेल्सियस से अधिक था।
विभाग के अनुसार, बारामूला जिले का गुलमर्ग स्की रिसॉर्ट जम्मू-कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान शून्य से सात डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा था।
काजीगुंड में न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि कोकरनाग में पारा शून्य डिग्री सेल्सियस और कुपवाड़ा में शून्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
चालीस दिनों की भीषण सर्दी 'चिल्ला-ए-कलां' के समाप्त होने के बाद शनिवार से 20 दिन का 'चिल्ला-ए खुर्द' (हल्की सर्दी) शुरू हो गया है। 'चिल्ला-ए-खुर्द' के बाद 10 दिन का 'चिल्ला-ए-बच्चा' (मामूली सर्दी) शुरू होगा।
मौसम विभाग ने बताया कि दो-तीन फरवरी को छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात का अनुमान है।
हिमाचल प्रदेश में रविवार को हल्की बर्फबारी के साथ बारिश हुई। राज्य में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है।
शिमला जिले के शिलारू और कुल्लू जिले के कोठी में पांच सेंटीमीटर हिमपात हुआ, जबकि कुफरी में चार सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। इसी तरह, लाहौल और स्पीति के गोंधला गांव में तीन सेंटीमीटर, शिमला के खदराला में 2.5 सेंटीमीटर, किन्नौर के सांगला में 2.1 सेंटीमीटर और कल्पा में 0.8 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई।
मौसम विभाग के मुताबिक, मनाली में 10 मिलीमीटर बारिश हुई, जो राज्य में सबसे अधिक थी। इसके बाद हमीरपुर जिले के सुजानपुर तिरा में 7.8 मिलीमीटर, शिमला में 4.2 मिलीमीटर, सोलन में 3.4 मिलीमीटर, नादौन में 2.6 मिलीमीटर और नाहन में 2.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
विभाग के अनुसार, राज्य में सबसे कम तापमान लाहौल और स्पीति के तबो में शून्य से नीचे 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
विभाग ने बताया कि हिमाचल के मध्य और ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में दो और तीन फरवरी को हिमपात और बारिश जारी रहने की प्रबल संभावना है।
इसी बीच, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा जैसे अन्य उत्तरी राज्यों में सर्दी की मार कम हो गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, राजस्थान के कई हिस्सों में रात का तापमान सात डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा।
विभाग के अनुसार, अलवर में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस, लूणकरनसर में 7.7 डिग्री सेल्सियस, पाली में 8.3 डिग्री सेल्सियस, जवाई बांध (पाली जिला) में 9.6 डिग्री सेल्सियस और श्रीगंगानगर में 9.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
विभाग ने बताया कि अजमेर में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पिछले 24 घंटों में 1.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई और अगले 24 घंटों तक मौसम की स्थिति इसी प्रकार बनी रहने का अनुमान है।
रविवार को हरियाणा और पंजाब के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई और यह सामान्य स्तर से ऊपर बना रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक, हरियाणा के अंबाला में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हिसार में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहा।
विभाग के अनुसार, भिवानी और नरनौल में न्यूनतम तामपान क्रमश: छह डिग्री और 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उसने बताया कि करनाल में न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री, रोहतक में 11.8 डिग्री, सिरसा में 9.6 डिग्री, फरीदाबाद में 11.6 डिग्री, गुरुग्राम में 11.2 डिग्री और नूहं में 12.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहा।
पंजाब के अमृतसर और गुरदासपुर में रात सर्द रही और दोनों शहरों में न्यूनतम तापमान क्रमश: 5.9 डिग्री और 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।
मौसम विभाग के मुताबिक, पटियाला में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 7.6 डिग्री, बठिंडा में 8.2 डिग्री, फरीदकोट में 7.4 डिग्री और होशियारपुर में 10.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में पिछले साल की तुलना में इस वर्ष फरवरी की शुरुआत ज्यादा ठंडी रही और एक फरवरी को अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, पिछले साल एक फरवरी को अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा था।
मौसम विभाग के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम के औसत से लगभग 3.7 डिग्री अधिक है।
शहर की प्रमुख वेधशाला सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस, जबकि पालम में 10.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
लोधी रोड पर 11.8 डिग्री सेल्सियस, रिज पर 12.1 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 11.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
शहर में अधिकतम तापमान 22.6 से 24.6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
विभिन्न स्टेशनों में, सफदरजंग में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद आयानगर में अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस और रिज में 23.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा, जबकि लोधी रोड में अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस और पालम में 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शाम साढ़े पांच बजे सापेक्ष आर्द्रता 82 प्रतिशत थी।
राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता "खराब" श्रेणी में रही। शहर में औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 265 दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने सोमवार को मध्यम स्तर के कोहरे का अनुमान लगाया है। शहर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 21 डिग्री सेल्सियस और 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
भाषा
राखी पारुल
पारुल
0202 0018 दिल्ली