कोटद्वार में दुकान के नाम के विरोध से उपजे बवाल के बाद पुलिस ने तीन मुकदमे दर्ज किए
अमित
- 02 Feb 2026, 12:40 AM
- Updated: 12:40 AM
कोटद्वार, एक फरवरी (भाषा) उत्तराखंड में पौड़ी जिले के कोटद्वार शहर में एक समुदाय विशेष की दुकान के नाम को लेकर विरोध से उपजे बवाल के बाद पुलिस ने रविवार को सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले तत्वों को सख्त चेतावनी देते हुए तीन मामले दर्ज किए।
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में एक मामला पुलिस की ओर से शांति व्यवस्था भंग करने वाले 30-40 अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज किया गया है जबकि दूसरा कोटद्वार निवासी वकील अहमद और तीसरा एक अन्य स्थानीय नागरिक कमल प्रसाद द्वारा दी गयी तहरीर पर दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि पटेल मार्ग स्थित 'बाबा ड्रेस' की दुकान पर पूर्व में हुए विवाद के सिलसिले में कुछ व्यक्ति शनिवार को उस दुकान तथा जिम संचालक दीपक कुमार के जिम पर प्रदर्शन करने आए थे। पुलिस ने बताया कि इस दौरान, उनके द्वारा नारेबाजी करते हुए सड़क जाम की गयी तथा धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले शब्दों का प्रयोग करके सार्वजनिक शांति भंग करने का प्रयास किया गया।
पुलिस के अनुसार, उन्होंने पुलिस बैरियर हटाकर उग्र नारेबाजी एवं गाली-गलौच करते हुए सांप्रदायिक तनाव उत्पन्न किया तथा लगभग 30–40 अज्ञात व्यक्तियों द्वारा पुलिस बल के साथ धक्का-मुक्की करके सरकारी कार्य में बाधा डाली गई।
पुलिस ने बताया कि इससे सार्वजनिक व्यवस्था एवं सांप्रदायिक सौहार्द प्रभावित हुआ, जिस पर उनके विरूद्ध पुलिस कोतवाली कोटद्वार में भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 121(2), 126(2), 196(2), 352 तथा अन्य प्रासंगिक धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि एक अन्य मामला कोटद्वार निवासी वकील अहमद की तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 333, 351(2), 352 के तहत तथा तीसरा मामला कमल पाल की तहरीर पर जिम संचालक दीपक उर्फ अक्की, विजय रावत एवं उनके अन्य साथियों के विरुद्ध गाली-गलौज करते हुए जाति-सूचक शब्दों का प्रयोग करने तथा जान से मारने की नीयत से हमला करने के संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 191(1), 351(2) एवं 352 के अंतर्गत दर्ज किया गया है ।
पुलिस ने कहा कि दो पक्षों के बीच उत्पन्न आपसी विवाद की स्थिति को प्रशासन द्वारा अत्यंत गंभीरता से लेते हुए उनकी गहन एवं निष्पक्ष जांच की जा रही है।
पिछले काफी समय से कोटद्वार में कपड़ों की दुकान 'बाबा ड्रेस' के नाम को लेकर विवाद चल रहा था है, जहां बजरंग दल से जुड़े कार्यकर्ता, दुकान मालिक मोहम्मद शोएब पर दुकान का नाम बदलने का दवाब डाल रहे थे।
बताया जा रहा है कि करीब दो—ढाई माह पहले बजरंग दल ने दुकान के नाम से कोटद्वार के प्रसिद्ध हनुमान मंदिर 'सिद्धबली बाबा' का भ्रम होने का आरोप लगाते हुए दुकान मालिक से दुकान का नाम बदलने को कहा था। बताया जा रहा है कि हालांकि, तब दुकान मालिक ने कथित तौर पर अपनी दुकान नयी जगह पर स्थानांतरित करने के बाद नाम बदलने का भरोसा दिलाया था।
स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब 10—15 दिन पहले दुकान को 30—40 मीटर दूर नयी जगह पर स्थानांतरित किए जाने के बाद बजरंग दल ने नाम को लेकर फिर विरोध जताया। उन्होंने बताया कि बुधवार को दुकान के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे दल के कार्यकताओं की शोएब और उसके जिम संचालक दोस्त दीपक कुमार से झड़प और मारपीट हुई। उन्होंने बताया कि इस दौरान, कुमार ने अपना नाम मोहम्मद दीपक बताया और दल के कार्यकर्ताओं को वहां से जाने को मजबूर कर दिया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि एक बार फिर शनिवार को बजरंग दल के गौरक्षा दल के प्रांत प्रमुख नरेश उनियाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में दल के कार्यकर्ता दुकान पर प्रदर्शन के लिए पहुंच गए थे। हांलांकि, पुलिस की तत्परता से संघर्ष टल गया था। इसके बाद पुलिस ने भारी पुलिस बल के साथ कोटद्वार नगर क्षेत्र में सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने की दृष्टि से फ्लैग मार्च किया।
भाषा सं दीप्ति अमित
अमित
0202 0040 कोटद्वार