उत्तराखंड: मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय बजट को विकसित भारत के संकल्प की रूपरेखा बताया
जितेंद्र
- 02 Feb 2026, 08:34 PM
- Updated: 08:34 PM
देहरादून, दो फरवरी (भाषा) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 2026-27 केंद्रीय बजट को विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने वाला बजट बताते हुए कहा कि यह देश की आत्मा, आत्मविश्वास और विकासशील सोच को मजबूती प्रदान करता है।
मुख्यमंत्री ने यहां भाजपा कार्यालय में हुए एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "यह बजट भारत की आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने वाला बजट है। यह देश के सभी नागरिकों की आकांक्षाओं की पूर्ति और सबके उत्थान का बजट है।"
उन्होंने कहा कि बजट में पूंजीगत व्यय में की गई बढ़ोतरी से दीर्घकालिक विकास की मजबूत नींव रखी गई है जबकि यह आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने के साथ-साथ भारत की रणनीतिक स्वायत्तता और संप्रभुता को भी सुदृढ़ करता है।
धामी ने कहा कि बजट के तीन प्रमुख स्तंभ, संतुलित एवं समावेशी विकास, वंचित वर्गों का क्षमता निर्माण और सबका साथ-सबका विकास-सीमांत क्षेत्रों, गांवों, महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों, बच्चों व वंचित वर्गों सभी के समग्र उत्थान का स्पष्ट मार्ग प्रशस्त करते हैं।
उन्होंने बताया कि टियर-2 और टियर-3 शहरों के विकास से उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार और हल्द्वानी जैसे शहरों को विशेष लाभ मिलेगा जबकि प्रत्येक जिले में महिला छात्रावास की व्यवस्था से महिला सुरक्षा, शिक्षा और सशक्तिकरण को नई मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' और 'विश्वास आधारित शासन' से निवेश, रोजगार व जनभागीदारी को बढ़ावा मिलेगा।
धामी ने कहा कि पर्यटन क्षेत्र में किए गए विविध और नीतिगत प्रावधानों से उत्तराखंड में रोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे जबकि आयुष, फार्मा, हथकरघा, खादी और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन मिलने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था सशक्त होगी।
उन्होंने कहा कि हरित ऊर्जा पर विशेष ध्यान देने से उत्तराखंड जैसे पर्वतीय एवं वन संपदा से समृद्ध राज्य में 'ग्रीन इकोनॉमी' को बल मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि 16वें वित्त आयोग की सिफारिशों के अनुरूप उत्तराखंड के हितों का ध्यान रखा गया है जबकि राज्य सरकार द्वारा समय-समय पर केंद्र को दिए गए प्रस्तावों व अनुरोधों को भी बजट में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से शामिल किया गया है।
धामी ने कहा कि केंद्रीय बजट उत्तराखंड को रोजगार, निवेश, निर्यात, कौशल विकास और शहरी अवसंरचना के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा तथा राज्य के समावेशी, संतुलित व सतत विकास की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा।
भाषा दीप्ति जितेंद्र
जितेंद्र
0202 2034 देहरादून