एअर इंडिया के पायलट ने ड्रीमलाइनर के ईंधन नियंत्रण 'स्विच' में संभावित खराबी की सूचना दी
नेत्रपाल
- 02 Feb 2026, 09:44 PM
- Updated: 09:44 PM
नयी दिल्ली, दो फरवरी (भाषा) एअर इंडिया के एक पायलट ने सोमवार को बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर के ईंधन नियंत्रण 'स्विच' में संभावित खराबी की सूचना दी तथा इसकी जानकारी नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) को दे दी गई है।
यह घटना पिछले साल जून में एयरलाइन के ड्रीमलाइनर के दुर्घटनाग्रस्त होने की जांच के बीच सामने आई है।
सूत्रों के अनुसार, लंदन से बेंगलुरु आ रहा विमान (उड़ान संख्या एआई132) सोमवार सुबह बेंगलुरु में उतरा। विमान में 200 से ज्यादा लोग सवार थे।
घटना से अवगत एक अन्य सूत्र ने बताया कि ईंधन नियंत्रण स्विच 'रन' स्थिति में नहीं था और 'कट ऑफ' स्थिति की ओर चला गया। 'रन' और 'कट ऑफ' का उपयोग क्रमशः इंजन को चालू या बंद करने के लिए किया जाता है।
यह तुरंत पता नहीं चल सका कि उड़ान के दौरान किस समय एअर इंडिया के पायलट ने ईंधन नियंत्रण स्विच की संभावित खराबी को देखा।
एअर इंडिया के बोइंग 787-8 विमान या ड्रीमलाइनर के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद से ईंधन नियंत्रण स्विच की कार्यप्रणाली पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। पिछले साल जून में हुए हादसे में 260 लोगों की मौत हो गई थी। दुर्घटना की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में उड़ान भरने के तुरंत बाद ईंधन की आपूर्ति बंद होने का उल्लेख किया गया था।
एयरलाइन ने सोमवार को एक बयान में कहा कि वह इस बात से अवगत है कि उसके एक पायलट ने बोइंग 787-8 विमान के ईंधन नियंत्रण स्विच में संभावित खराबी की सूचना दी।
बयान में कहा गया, ''यह प्रारंभिक जानकारी मिलने के बाद, हमने उक्त विमान को उड़ान भरने से रोक दिया है और पायलट की चिंताओं की प्राथमिकता के आधार पर जांच कराने के लिए निर्माता कंपनी से संपर्क कर रहे हैं।''
इसमें कहा गया, ''मामले की जानकारी डीजीसीए को दे दी गई है और एअर इंडिया ने डीजीसीए के निर्देश पर अपने बेड़े के सभी बोइंग 787 विमानों के ईंधन नियंत्रण 'स्विच' की जांच की। हालांकि उसमें कोई समस्या नहीं पाई गई।''
वहीं, बोइंग ने एक बयान में कहा कि वह एअर इंडिया के संपर्क में है और इस मामले की समीक्षा में उनका सहयोग कर रही है।
गैर-लाभकारी समूह 'सेफ्टी मैटर्स फाउंडेशन' ने सोमवार को कहा कि उड़ान परिचालन के दौरान, चालक दल ने विमान के बाएं इंजन के ईंधन नियंत्रण स्विच के असामान्य स्थिति में होने की सूचना दी।
इसने एक बयान में दावा किया, "इंजन चालू करने के दौरान, स्विच दो प्रयासों के बावजूद 'रन' स्थिति में 'लॉक' नहीं हुआ और बार बार 'कट ऑफ' की ओर जा रहा था। यह एक ऐसी खराबी है जो विशिष्ट परिस्थितियों में, उड़ान के दौरान अनजाने में इंजन बंद होने का कारण बन सकती है।"
यह घटना इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि पिछले साल जून में हुई एअर इंडिया ड्रीमलाइनर दुर्घटना के बाद से ही इसके ईंधन नियंत्रण 'स्विच' की कार्यप्रणाली को लेकर कई सवाल उठ रहे थे।
देश के सबसे बड़े विमान हादसों में से एक दुर्घटना 12 जून 2025 को हुई थी जब अहमदाबाद से लंदन जा रहा एअर इंडिया का विमान (एआई171) उड़ान भरते ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिसमें 260 लोगों की मौत हो गई थी।
भाषा नोमान नेत्रपाल
नेत्रपाल
0202 2144 दिल्ली