कोटद्वार में अमन-चैन बनाए रखने के लिए उत्तराखंड पुलिस ने सभी वर्गों के साथ की शांति बैठक
राजकुमार
- 02 Feb 2026, 09:52 PM
- Updated: 09:52 PM
कोटद्वार, दो फरवरी (भाषा) उत्तराखंड में पौड़ी जिले के कोटद्वार में एक समुदाय विशेष की दुकान के नाम को लेकर विरोध से उपजे बवाल के बाद पुलिस ने सोमवार को पार्षदों, व्यापार मंडलों और मुस्लिम समाज के लोगों के साथ एक शांति बैठक की । अधिकारियों ने यह जानकारी दी ।
इस बीच, शहर में पुलिस बल और पीएसी को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं जबकि उत्तर प्रदेश के बिजनौर से सटी सीमा से आने वाले वाहनों की लगातार तलाशी की जा रही है।
इससे पहले रविवार को पुलिस ने शहर का सौहार्द बिगाड़ने के आरोप में 30-40 अज्ञात लोगों तथा अन्य लोगों के खिलाफ तीन मुकदमे दर्ज किए थे।
कोटद्वार के अपर पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन सिंह ने बताया कि शहर में स्थिति नियंत्रण में है लेकिन शान्ति व्यवस्था और सदभाव बनाए रखने के लिए नगर के व्यापार मण्डल के पदाधिकारियों, पार्षदों एवं मुस्लिम समाज समेत सभी वर्गों के लोगों के साथ कोटद्वार थाने में शांति बैठक की गयी ।
सिंह ने बताया कि शहर के विभिन्न थानों से बुलाए गए पुलिस बल और पीएसी को चौकन्ना रखा गया है । उन्होंने बताया कि कोटद्वार के सभी प्रवेश द्वारों पर पुलिस बल तैनात किया गया है जिससे कोई असामाजिक तत्व शहर में प्रवेश न कर सके ।
उन्होंने बताया कि बिजनौर से लगती कौड़िया सीमाचौकी पर वाहनों की सघन तलाशी की जा रही है और बिना कारण आने वाले कई वाहनों को वापस लौटा दिया गया ।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि सोशल मीडिया पर भी विशेष नजर रखी जा रही है और शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में भाग लेने के बाद कोटद्वार व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रवीण भाटिया ने कहा कि कोटद्वार का अमन-चैन भंग करने की कोशिश करने वालों का व्यापार मंडल विरोध करेगा । उन्होंने कहा कि यदि किसी को किसी के नाम कोई आपत्ति है तो वह पहले इस मुददे पर व्यापार मंडल से बात करे ।
सामाजिक कार्यकर्ता मोहम्मद आसिफ ने कहा कि सोशल मीडिया पर खबरों के जरिए शहर का माहौल खराब करने की कोशिश की गई लेकिन अब सब शांति है ।
पिछले काफी समय से कोटद्वार में कपड़ों की एक दुकान के नाम 'बाबा' को लेकर बजरंग दल विरोध कर रहा है। दुकानदार मोहम्मद शोएब पर दुकान का नाम बदलने का दवाब डाला जा रहा है।
दुकान के नाम से कोटद्वार के प्रसिद्ध हनुमान मंदिर 'सिद्धबली बाबा' का भ्रम होने का आरोप लगाते हुए पिछले सप्ताह बुधवार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उसके बाहर प्रदर्शन किया था । इस दौरान उनका दुकान मालिक और उसके जिम संचालक दोस्त दीपक कुमार से झड़प और मारपीट हुई । कुमार ने अपना नाम मोहम्मद दीपक बताते हुए बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को वहां से जाने को मजबूर कर दिया।
इसके बाद एक बार फिर शनिवार को बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता 'बाबा' दुकान तथा जिम संचालक दीपक कुमार के जिम पर प्रदर्शन करने पहुंच गये। इस दौरान इन लोगों ने नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर दिया । लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से संघर्ष टल गया था।
पुलिस ने रविवार को कहा कि प्रदर्शनकारियों ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले शब्दों का प्रयोग कर सार्वजनिक शांति भंग करने का प्रयास किया, ऐसे में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के आरोप में 30-40 अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले के संबध में दो अन्य मुकदमे कोटद्वार निवासी वकील अहमद और कमल पाल की तहरीर पर दर्ज किए गए हैं ।
भाषा सं दीप्ति राजकुमार
राजकुमार
0202 2152 कोटद्वार