जयशंकर अमेरिका के विदेश मंत्री रुबियो से वाशिंगटन में करेंगे मुलाकात
शोभना
- 03 Feb 2026, 12:44 PM
- Updated: 12:44 PM
(योषिता सिंह)
न्यूयॉर्क, तीन फरवरी (भाषा) विदेश मंत्री एस जयशंकर महत्वपूर्ण खनिजों पर पहली मंत्रिस्तरीय बैठक से पहले वाशिंगटन में मंगलवार को अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो से मुलाकात करेंगे।
यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के साथ एक व्यापार समझौते की घोषणा की है।
रुबियो और जयशंकर मंगलवार दोपहर को अमेरिकी विदेश मंत्रालय के कार्यालय में मुलाकात करेंगे।
जयशंकर दो से चार फरवरी तक अमेरिका की यात्रा पर हैं और वह रुबियो द्वारा आयोजित महत्वपूर्ण खनिज मंत्रिस्तरीय बैठक में बुधवार को हिस्सा लेंगे।
विदेश मंत्रालय ने बताया था कि जयशंकर इस यात्रा के दौरान अमेरिकी प्रशासन के वरिष्ठ सदस्यों के साथ भी बैठकें करेंगे।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच 'ट्रुथ सोशल' पर सोमवार को घोषणा की थी कि भारत और अमेरिका एक व्यापार समझौते पर सहमत हुए हैं जिसके तहत अमेरिका भारत पर जवाबी शुल्क को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करेगा।
इसके बाद मोदी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा था, ''यह खुशी की बात है कि अब 'मेड इन इंडिया' उत्पादों पर शुल्क घटकर 18 फीसदी रह जाएगा। इस शानदार घोषणा के लिए भारत की 1.4 अरब जनता की ओर से राष्ट्रपति ट्रंप को हार्दिक धन्यवाद।''
प्रधानमंत्री ने कहा था कि जब दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र एक साथ मिलकर काम करते हैं तो इससे लोगों को लाभ होता है और पारस्परिक लाभकारी सहयोग के अपार अवसर खुलते हैं।
मोदी ने कहा था, ''वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए राष्ट्रपति ट्रंप का नेतृत्व अत्यंत महत्वपूर्ण है। भारत शांति के लिए उनके प्रयासों का पूर्ण समर्थन करता है। मैं उनके साथ मिलकर काम करने और हमारी साझेदारी को अभूतपूर्व ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए उत्साहित हूं।''
अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने कहा कि पहली महत्वपूर्ण खनिज मंत्रिस्तरीय बैठक में अमेरिका महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति शृंखलाओं को मजबूत एवं विविध बनाने के उद्देश्य से सामूहिक प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिनिधिमंडलों का स्वागत करेगा।
उसने कहा, ''यह ऐतिहासिक बैठक प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नवोन्मेष, आर्थिक मजबूती और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण इन घटकों को सुरक्षित करने के लिए सहयोग को गति देगी।''
भाषा सिम्मी शोभना
शोभना
0302 1244 न्यूयॉर्क