देरी के बाद हरियाणा में अधिकारियों ने 'मानवीय आधार' पर एक महिला की महत्वपूर्ण सर्जरी की मंजूरी दी
शफीक
- 11 Feb 2026, 10:34 PM
- Updated: 10:34 PM
चंडीगढ़, 11 फरवरी (भाषा) हरियाणा के अधिकारियों ने आयुष्मान भारत योजना की लाभार्थी एक महिला की सर्जरी को 'मानवीय आधार' पर मंजूरी दे दी है, जिसके जबड़े से जुड़ी सर्जरी में 'तकनीकी आधार' पर दो महीने की देरी हो गयी थी।
फरीदाबाद की इस महिला का पति दिहाड़ी मजदूर है। महिला को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में सर्जरी करानी था।
राज्य की लाभार्थी की प्रक्रिया को मंजूरी देने का अधिकार हरियाणा सरकार के पास है।
आयुष्मान भारत (हरियाणा) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) डॉ मनोज कुमार ने कहा कि महिला को 'टेम्पोरोमैंडिबुलर जॉइंट रिप्लेसमेंट' करवाना था, जिसके लिए योजना के तहत पहले से ही पैकेज उपलब्ध हैं।
इस प्रक्रिया को दो पैकेजों के तहत सूचीबद्ध किया गया है - एक जबड़े के पुनर्निर्माण के लिए और दूसरा प्रत्यारोपण के लिए - लेकिन इनके बजाय एक 'अनिर्दिष्ट नए पैकेज' के लिए अनुमोदन मांगा गया था।
'टाइम्स ऑफ इंडिया' की खबर के अनुसार, महिला को दाहिने जबड़े में 'एमेलोब्लास्टोमा' नामक एक दुर्लभ लेकिन भीषण ट्यूमर था, जो हड्डी को नष्ट कर देता है और समय पर इलाज न होने पर संक्रमण और चेहरे की विकृति का कारण बन सकता है।
खबर के अनुसार एम्स के मुख एवं जबड़े की सर्जरी विभाग के डॉक्टरों ने जबड़े के रोगग्रस्त हिस्से को हटाने और उसका पुनर्निर्माण करने के लिए विस्तारित संपूर्ण 'टेम्पोरोमैंडिबुलर जॉइंट रिप्लेसमेंट' की सलाह दी और इस प्रक्रिया की अनुमानित लागत करीब 2.5 लाख रुपये थी।
खबर के मुताबिक लाभार्थी को असहनीय दर्द हो रहा था, वह ठोस भोजन खाने में असमर्थ थी और उसकी हालत बिगड़ती जा रही थी। उसका पति उसकी देखभाल के लिए दिल्ली में ही रुका हुआ था।
सीईओ कुमार ने इस बात पर जोर दिया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण अनिर्दिष्ट पैकेजों को हतोत्साहित करता है। उन्होंने कहा कि पहले यह बताया गया था कि सर्जरी 'सही पैकेज' के तहत बुक की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि लेकिन इस विशेष प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए, जिसमें एक गरीब महिला लाभार्थी शामिल है, ''हमने मानवीय आधार पर अनिर्दिष्ट पैकेज में उनके मामले को मंजूरी दे दी है।''
जब उनसे देरी के बारे में पूछा गया कि तो उन्होंने कहा कि इसके पीछे तकनीकी वजह थी।
भाषा राजकुमार शफीक
शफीक
1102 2234 चंडीगढ़