असम चुनावों के लिए कांग्रेस की पहली सूची फरवरी के अंत तक जारी होने की संभावना है : गौरव गोगोई
वैभव
- 18 Feb 2026, 10:44 PM
- Updated: 10:44 PM
गुवाहाटी, 18 फरवरी (भाषा) असम कांग्रेस के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने बुधवार को कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची इस महीने के अंत तक घोषित होने की संभावना है।
उनकी यह घोषणा कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा के राज्य के आगामी दो दिवसीय दौरे से पहले आई है, जिसमें वह उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा करेंगी।
यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए गोगोई ने कहा कि पहली सूची में शामिल नामों सहित कुल 80 कांग्रेस उम्मीदवारों के नामों की घोषणा मार्च के पहले सप्ताह तक कर दी जाएगी।
गोगोई ने कहा, "हमारा लक्ष्य चयन प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा करना है। केंद्रीय नेतृत्व ने हमें यह सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि पहली सूची इस महीने के अंत तक जारी हो जाए।"
उन्होंने आगे कहा कि मार्च के पहले सप्ताह तक लगभग 80 सीटों के लिए नामों को अंतिम रूप दे दिया जाएगा और उनकी घोषणा कर दी जाएगी।
कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन के बारे में पूछे जाने पर, गोगोई ने कहा कि यह निश्चित रूप से होने वाला है और इस मामले में पार्टी सत्तारूढ़ भाजपा से काफी आगे है।
कांग्रेस, माकपा, रायजोर दल, असम जातीय परिषद (एजेपी), भाकपा, भाकपा (माले) लिबरेशन, जातीय दल-असम (जेडा) और कार्बी आंगलोंग स्थित ऑल पार्टी हिल लीडर्स कॉन्फ्रेंस (एपीएचएलसी) ने विधानसभा चुनाव एक साझा मंच से लड़ने के लिए हाथ मिलाया है।
एआईसीसी के महासचिव (असम प्रभारी) जितेंद्र सिंह ने कहा कि वाद्रा राज्य विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी की बैठकों की शृंखला में भाग लेने के लिए बृहस्पतिवार से दो दिवसीय दौरे पर असम आएंगी।
वाद्रा आगामी असम विधानसभा चुनावों के लिए चयन समिति की अध्यक्ष हैं।
सिंह ने कहा, "वह कांग्रेस के विभिन्न पदाधिकारियों के साथ कई बैठकें करेंगी। इसके अलावा, वह एआईसीसी के तीन वरिष्ठ पर्यवेक्षकों से भी मिलेंगी और चुनावों के संबंध में उनकी राय लेंगी।"
उन्होंने आगे कहा कि वाद्रा राजनीतिक मामलों की समिति, विधायकों, जिला अध्यक्षों, फ्रंटल समूह प्रमुखों, विधायक दल के नेता, कार्यकारी अध्यक्षों, सांसदों, विभिन्न प्रकोष्ठ प्रमुखों और बूथ समिति प्रमुखों सहित अन्य लोगों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगी।
असम विधानसभा के 126 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए चुनाव इस साल मार्च-अप्रैल में होने की संभावना है।
भाषा
प्रशांत वैभव
वैभव
1802 2244 गुवाहाटी