वरिष्ठ पत्रकार रामासामी का निधन
नरेश
- 08 Mar 2026, 06:40 PM
- Updated: 06:40 PM
चेन्नई, आठ मार्च (भाषा) वरिष्ठ पत्रकार तथा प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (पीटीआई) के पूर्व क्षेत्रीय प्रबंधक एस रामासामी का चेन्नई में रविवार को निधन हो गया। उनके परिवार के सूत्रों ने यह जानकारी दी।
रामासामी (74) के परिवार में उनकी पत्नी और बेटी हैं।
उम्र संबंधी जटिलताओं के कारण उनका निधन हुआ।
पत्रकारिता जगत और 'पीटीआई' कर्मियों के बीच 'एसआर' के नाम से पहचाने जाने वाले रामासामी ने 1978 में प्रमुख समाचार एजेंसी में काम करना शुरू किया और तीन दशकों तक अपनी सेवा दी।
उन्होंने मुख्य रूप से तमिलनाडु की शीर्ष राजनीतिक पार्टियों द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक), ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) और अन्य को कवर किया।
राज्य के अधिकतर पूर्व नेताओं के साथ उनके अच्छे व्यक्तिगत संबंध थे।
कई सेवारत और सेवानिवृत्त पत्रकारों ने रामासामी को एक मिलनसार व्यक्ति के रूप में याद किया। वह विशेष रूप से तनावपूर्ण परिस्थितियों में भी शांत और संयमित कार्यशैली के लिए जाने जाते थे।
परिवार के सूत्रों ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार रविवार को होगा।
इस बीच, मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने रामासामी के निधन पर शोक प्रकट करते हुए कहा कि उनका राज्य के पूर्व मुख्यमंत्रियों, खासकर दिवंगत एम. करुणानिधि से करीबी संबंध रहा था।
उन्होंने बयान में कहा कि रामासामी समाचार एजेंसी की एक पहचान बन गए थे।
शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, "उनका (रामासामी) निधन पत्रकारिता के क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति है।"
पट्टाली मक्कल काची नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. अंबुमणि रामदास ने भी रामासामी के निधन पर दुख और हैरानी जताई।
उन्होंने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि रामासामी को तमिलनाडु की राजनीति की गहरी समझ थी।
अंबुमणि ने कहा, "तमिलनाडु में कई राजनीतिक और गठबंधन बदलावों में उनकी अहम भूमिका रही थी।"
उन्होंने याद किया कि रामासामी के दिवंगत मुख्यमंत्रियों एम. जी. रामचंद्रन और जे. जयललिता, द्रमुक नेता करुणानिधि, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जी. के. मूपनार तथा पट्टाली मक्कल काची संस्थापक डॉ. एस. रामदास से भी अच्छे संबंध थे।
कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष के. सेल्वपेरुन्थगई ने भी रामासामी के निधन पर शोक व्यक्त किया।
भाषा खारी नरेश
नरेश
0803 1840 चेन्नई