पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाकर विकसित भारत की नींव मजबूत हो रही है सरकार: मुख्यमंत्री साय
खारी
- 24 Apr 2026, 07:18 PM
- Updated: 07:18 PM
रायपुर, 24 अप्रैल (भाषा) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को कहा कि ''डबल इंजन'' की सरकार पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाकर विकसित भारत की नींव को मजबूत कर रही है।
मुख्यमंत्री राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में आयोजित पंचायत पदाधिकारी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने प्रदेशवासियों और पंचायत प्रतिनिधियों को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस की शुभकामनाएं दीं।
साय ने कहा, ''डबल इंजन की हमारी सरकार पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाकर विकसित भारत की नींव को मजबूत कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में गांवों के समग्र विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है।''
उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों की सक्रियता से ही गांवों का विकास होगा और अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत पंचायत प्रतिनिधि के रूप में की थी और पंच तथा सरपंच के दायित्व का निर्वहन किया।
उन्होंने कहा, ''पंचायत प्रतिनिधि के रूप में गांव के विकास को लेकर जो अनुभव मिलते हैं, वही आगे बढ़ने में सहायक होते हैं। आज हजारों जनप्रतिनिधि पंचायत से अपना सफर शुरू कर देश के उच्च सदनों तक पहुंचे हैं।''
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बनाने में पंचायतों की महत्वपूर्ण भूमिका है और जमीनी स्तर पर बेहतर कार्य करने से ही प्रभावी नीतियां बनती हैं।
साय ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अब ग्रामीणों को पक्के मकान मिल रहे हैं और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से गांवों के सड़क संपर्क में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
साय ने पंचायत प्रतिनिधियों से कहा कि पंचायतों में संचालित सभी गतिविधियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें ताकि गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ सभी विकास कार्य पूर्ण हो सकें।
उन्होंने बताया, ''जल जीवन मिशन 2.0 के अंतर्गत हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके सफल क्रियान्वयन में पंचायतों की बड़ी जिम्मेदारी है और इसे समयबद्ध रूप से पूरा करने में पंचायत प्रतिनिधियों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।''
मुख्यमंत्री ने ''सुशासन तिहार'' का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए शिविर लगाए जाएंगे।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से अपने क्षेत्र की समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
साय ने कहा कि प्रदेश सरकार पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए हर संभव संसाधन उपलब्ध कराएगी और सभी प्रतिनिधियों से अपने क्षेत्र में बेहतर कार्य करने की अपील की।
इस अवसर पर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
भाषा संजीव खारी
खारी
2404 1918 रायपुर