प्रधानमंत्री ने हुगली नदी में नौका विहार किया, बंगाली लोगों की समृद्धि के लिए प्रतिबद्धता जतायी
दिलीप
- 24 Apr 2026, 08:41 PM
- Updated: 08:41 PM
(तस्वीरों के साथ)
कोलकाता, 24 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार सुबह कोलकाता में हुगली नदी में एक नौका की सवारी की और कहा कि नदी की दिव्य जलधाराएं एक पूरी सभ्यता की शाश्वत भावना को अपने अंदर समेटे हुए हैं।
मोदी ने यह भी कहा कि वह पश्चिम बंगाल के विकास और "महान बंगाली लोगों" की समृद्धि के प्रति प्रतिबद्ध हैं।
प्रधानमंत्री ने नदी यात्रा की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट कीं, जिनमें वह लकड़ी की एक नाव पर बैठे हुए कैमरा थामे हुए हैं और उनके पीछे प्रसिद्ध हावड़ा ब्रिज और विद्यासागर सेतु दिखाई दे रहे हैं।
मोदी ने 'एक्स' पर लिखा, "मैंने इस महान नदी की तस्वीर खींचने की कोशिश की। साथ ही विद्यासागर सेतु और हावड़ा ब्रिज को करीब से देखा।"
उन्होंने कहा, "हर बंगाली के मन में गंगा का एक विशेष स्थान है। कहा जा सकता है कि गंगा बंगाल की आत्मा में बहती है। उसकी दिव्य जलधाराएं पूरी एक सभ्यता की शाश्वत भावना को अपने में समेटे हुए हैं। आज सुबह कोलकाता में मैंने हुगली नदी के किनारे कुछ समय बिताया, मां गंगा के प्रति आभार व्यक्त करने का एक अवसर मिला।"
हुगली, गंगा नदी की एक उपनदी है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस यात्रा के दौरान उन्हें "नाविकों से मिलने का अवसर मिला, जिनकी मेहनत प्रेरणादायक है।"
पश्चिम बंगाल भाजपा के सूत्रों ने बताया कि मोदी ने बृहस्पतिवार शाम को हावड़ा से कोलकाता तक रोड शो के बाद लोक भवन में रात बिताई। वह नाव की सवारी करने के लिए आज सुबह सीधे प्रिंसिप घाट गए थे।
मोदी ने कहा, "कल शाम, हावड़ा से कोलकाता तक के लंबे रोड शो के दौरान मैं हावड़ा ब्रिज पर था। आज सुबह, मैंने इस ब्रिज को हुगली नदी से देखा!"
मोदी ने यह भी कहा, "हम पश्चिम बंगाल के विकास और महान बंगाली लोगों की समृद्धि की दिशा में काम करने की अपनी प्रतिबद्धता को फिर से दोहराते हैं।"
प्रधानमंत्री पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में भाजपा के लिए सक्रिय रूप से प्रचार कर रहे हैं। चुनाव में पहले चरण का मतदान बृहस्पतिवार को हुआ, जबकि दूसरे चरण का चुनाव 29 अप्रैल को होगा। मतगणना चार मई को होगी।
गौरंग बिस्वास नामक नाविक ने दावा किया कि प्रधानमंत्री की नाव सवारी के बारे में पहले उनसे कोई संपर्क नहीं किया गया था।
उन्होंने कहा, "अचानक कुछ लोग आए और पूछा कि क्या मैं नाव की सवारी कराउंगा। मैंने सहमति जताई। प्रधानमंत्री ने बस मेरा नाम पूछा, और मैंने जवाब दिया।"
बिस्वास ने कहा कि उन्होंने नाव को हावड़ा ब्रिज की ओर मोड़ा, जबकि प्रधानमंत्री और उनके चार-पांच सुरक्षा कर्मी तस्वीरें ले रहे थे।
बिस्वास ने कहा कि यात्रा "एक घंटे से कम" समय की थी और मोदी ने उन्हें 1,000 रुपये दिए।
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के प्रवक्ता जय प्रकाश मजूमदार ने मोदी की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने राज्य में कोई प्रमुख नदी पुनर्जीवन परियोजना नहीं शुरू की।
उन्होंने कहा, "मां गंगा उन्हें माफ नहीं करेगी... 'नमामि गंगे' के लिए 70,000 करोड़ रुपये कहां गए?"
भाषा जोहेब दिलीप
दिलीप
2404 2041 कोलकाता