आप अब पहले जैसी पार्टी नहीं रही, केजरीवाल के साथ कोई काम नहीं कर सकता: स्वाति मालीवाल
नेत्रपाल
- 25 Apr 2026, 05:18 PM
- Updated: 05:18 PM
नयी दिल्ली, 25 अप्रैल (भाषा) आम आदमी पार्टी से बगावत कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुईं स्वाति मालीवाल ने शनिवार को आरोप लगाया कि उनकी पूर्व पार्टी अपने मूल सिद्धांतों से ''भटक गई'' है और इसके नेता अरविंद केजरीवाल अब पहले जैसे नहीं हैं।
दिल्ली में सत्ता गंवाने के महज एक साल बाद 'आप' को शुक्रवार को उस समय सबसे बड़ा झटका लगा, जब राघव चड्ढा और मालीवाल समेत सात राज्यसभा सदस्यों ने एक साथ पार्टी छोड़ दी।
बागियों में पार्टी संगठन के अहम चेहरे संदीप पाठक, पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह, अशोक मित्तल, राजिंदर गुप्ता और विक्रम साहनी भी शामिल हैं।
भाजपा में शामिल होने के बाद मालीवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ''निर्णायक और मजबूत नेतृत्व'' की तारीफ की।
मालीवाल ने 'पीटीआई वीडियो' से कहा, ''मैंने घर छोड़ा, सात साल झुग्गियों में रही, नौकरी छोड़ी और हर आंदोलन में साथ दिया। लेकिन जब केजरीवाल के घर उनके सहयोगी ने मुझ पर हमला किया और मैंने प्राथमिकी दर्ज कराने की कोशिश की, तो मुझे ही दबाया गया।''
उन्होंने दावा किया कि जब वह शिकायत आगे बढ़ाने की कोशिश कर रही थीं तो उन्हें ''धमकाया और दबाया'' गया।
मालीवाल ने कहा, ''दो साल तक मुझ पर मामला वापस लेने का दबाव डाला गया, लेकिन मैं नहीं झुकी। इसी वजह से पार्टी ने संसद में मुझे एक मिनट भी बोलने का मौका नहीं दिया।''
उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी पूरी तरह बदल चुकी है और अब ''झूठ, भ्रष्टाचार तथा गुंडागर्दी'' के लिए पहचानी जाती है।
राज्यसभा सदस्य ने कहा, ''असली विश्वासघात पार्टी छोड़ना नहीं, बल्कि अपने सिद्धांतों को छोड़ना है। लोग डर से नहीं, केजरीवाल की वजह से पार्टी छोड़ रहे हैं।''
उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में और नेता पार्टी छोड़ेंगे।
केजरीवाल के बारे में उन्होंने कहा, ''उनके साथ कोई भी अच्छा इंसान ज्यादा दिन काम नहीं कर सकता। वह कहते कुछ हैं और करते कुछ और हैं।''
मालीवाल ने कहा कि केजरीवाल ने एक समय खुद को ''आम आदमी'' के रूप में पेश किया था, लेकिन तब से बहुत कुछ बदल गया है।
उन्होंने कहा, ''एक वक्त था जब वह दो रुपये की कलम रखते थे और सादे कपड़े पहनते थे। आज उनका रुतबा ही बदल गया है।''
मालीवाल ने आरोप लगाया कि केजरीवाल ने कई ''शीशमहल'' बनाए हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली में हार के बाद केजरीवाल पंजाब सरकार को ''रिमोट कंट्रोल'' से चला रहे हैं।
मालीवाल ने कहा, ''पंजाब सरकार एक निजी एटीएम बन गई है। अवैध रेत खनन और नशे का कारोबार खुलेआम हो रहा है और भ्रष्टाचार चरम पर है।''
उन्होंने यह भी दावा किया कि पंजाब में लोग 'आप' के कामकाज के तरीके से नाखुश हैं।
मालीवाल ने कहा, ''जो कभी स्कूटर पर आते थे, आज उनके पास बड़े मकान, गाड़ियां और कारोबार हैं- और यह सब केजरीवाल की छत्रछाया में हो रहा है।''
दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा में शामिल होने का फैसला उन्होंने सोच-समझकर लिया, न कि मजबूरी में।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बारे में उन्होंने कहा, ''उनके (प्रधानमंत्री) नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और उनकी कूटनीति की वजह से दुनिया में देश मजबूत होकर उभरा है।''
प्रवर्तन निदेशालय-केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो के डर से पाला बदलने के आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा, ''मैं डरने वालों में से नहीं हूं। मैं पूरे दिल से भाजपा में शामिल हुई हूं। अगर चाहती तो दो साल पहले ही जा सकती थी।''
इस बीच, 'आप' नेता संजय सिंह ने शनिवार को कहा कि पार्टी सातों बागी सांसदों को राज्यसभा से अयोग्य घोषित कराने के लिए राज्यसभा के सभापति को पत्र लिखेगी।
संजय सिंह ने कहा, ''दल-बदल रोधी कानून स्पष्ट रूप से कहता है कि राज्यसभा और लोकसभा में किसी भी प्रकार का विभाजन या गुटबंदी नहीं हो सकती। इसे कोई कानूनी मान्यता नहीं मिलती, भले ही दो-तिहाई बहुमत हो।''
उन्होंने शुक्रवार को इस पूरे घटनाक्रम को भाजपा के 'ऑपरेशन लोटस' का हिस्सा बताते हुए कहा था कि पंजाब की जनता इन सातों को कभी माफ नहीं करेगी।
मालीवाल 2024 में 'आप' के टिकट पर राज्यसभा पहुंची थीं। इससे पहले वह दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष रह चुकी हैं।
भाषा खारी नेत्रपाल
नेत्रपाल
2504 1718 दिल्ली