दिल्ली: जनगणना-2027 के लिए ऑनलाइन स्व-गणना शुरू
सुरेश
- 01 May 2026, 08:31 PM
- Updated: 08:31 PM
(तस्वीर के साथ)
नयी दिल्ली, एक मई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में जनगणना-2027 के तहत शुक्रवार को स्व-गणना शुरू हो गई और उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू तथा मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित कई लोगों ने पहले ही दिन यह प्रक्रिया पूरी कर ली।
संधू ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि यह प्रक्रिया दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के सभी वार्डों में आधिकारिक तौर पर शुरू हो गई है और उन्होंने निवासियों से स्व-गणना प्रक्रिया में भाग लेने और जनगणना का समर्थन करने का आग्रह किया।
उन्होंने पोस्ट में कहा, "आपकी भागीदारी हमारे शहर और राष्ट्र के भविष्य को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।"
उपराज्यपाल ने कहा कि विश्वसनीय डेटा समावेशी शासन और एक मजबूत, विकसित राष्ट्र के लिए महत्वपूर्ण है।
ऑनलाइन स्व-गणना पूरी करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रक्रिया सरल और पूरी तरह सुरक्षित है।
उन्होंने दिल्लीवासियों से स्व-गणना में भाग लेने का आग्रह किया और बताया कि सही जानकारी और आंकड़े जरूरतमंदों को लाभ पहुंचाने वाली सही नीतियों के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करते हैं।
नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) और दिल्ली कैंट क्षेत्रों में स्व-गणना का कार्य पहले ही पूरा हो चुका है।
इन क्षेत्रों में जनगणना कर्मियों द्वारा घर-घर जाकर घरों की सूची बनाना और आवास संबंधी कार्य जारी हैं।
अधिकारियों ने बताया कि एमसीडी वार्डों के सभी निवासी, चाहे वे कहीं के भी मूल निवासी हों, जनगणना पोर्टल पर 'लॉग-इन' कर स्वैच्छिक स्व-गणना में भाग ले सकते हैं।
प्रत्येक परिवार के लिए केवल एक लॉग-इन की आवश्यकता होगी और परिवार का मुखिया या कोई अन्य सदस्य मोबाइल नंबर का उपयोग कर प्रक्रिया पूरी कर सकता है।
उपयोगकर्ताओं को पहले 'लॉग-इन' के समय एक भाषा का चयन करना होगा, जिसे बाद में बदला नहीं जा सकता।
इस प्रक्रिया में उत्तरदाताओं को अपने निवास स्थान के भौगोलिक निर्देशांक प्रदान करने होंगे, जिसके लिए वे उपग्रह मानचित्र पर स्थान का चयन कर सकते हैं, पोर्टल पर पता खोज सकते हैं।
जानकारी दाखिल करने के बाद 11 अंकों की स्व-गणना आईडी सामने आएगी, जिसे लोगों को जनगणना कर्मियों को दिखाना होगा।
ये कर्मी 16 मई से 14 जून तक घर-घर जाकर जनगणना करेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि जनगणना से संबंधित सहायता के लिए एक टोल-फ्री हेल्पलाइन भी उपलब्ध कराई गई है।
एमसीडी के 250 वार्डों में एक से 15 मई तक स्व-गणना की जाएगी।
स्व-गणना पोर्टल हिंदी, अंग्रेजी, बांग्ला, तमिल और उर्दू सहित 16 भाषाओं में उपलब्ध है।
भाषा नोमान सुरेश
सुरेश
0105 2031 दिल्ली