गयाजी में विष्णुपद मंदिर कॉरिडोर और 'मगध' टाउनशिप बनेगी: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी
कैलाश रवि कांत
- 01 May 2026, 11:07 PM
- Updated: 11:07 PM
पटना, एक मई (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को घोषणा की कि गयाजी में विष्णुपद मंदिर कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही 1700 एकड़ क्षेत्र में औद्योगिक कॉरिडोर और 22 हजार एकड़ में 'मगध' नाम से टाउनशिप विकसित की जाएगी।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से जारी बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने बोधगया मठ परिसर में बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी सह सांस्कृतिक चेतना कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया।
उन्होंने कहा कि यह मोक्ष और ज्ञान की भूमि है, जहां सिद्धार्थ ने आकर गौतम बुद्ध का रूप लिया। उन्होंने इस पवित्र धरती को नमन किया।
बोधगया स्थित यह मंदिर यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल है और बौद्ध धर्मावलंबियों का प्रमुख तीर्थस्थल माना जाता है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 'प्रज्ञा' नामक पुस्तक का लोकार्पण भी किया, जिसमें संस्कृत शब्द 'प्रज्ञा' का अर्थ ज्ञान या बुद्धिमत्ता बताया गया है।
चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत को विकसित बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।
उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में ऐसी व्यवस्था की जा रही है जिससे लोगों को रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़े और उन्हें बिहार में ही रोजगार उपलब्ध हो सके।
उन्होंने कहा कि बिहार के युवाओं को 50 करोड़ रुपये तक के ठेके दिए जाएंगे, ताकि वे राज्य में ही काम कर सकें। साथ ही, सरकार द्वारा राज्य में निर्मित 30 प्रतिशत वस्तुओं की खरीद की जाएगी, जिससे स्थानीय उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि गयाजी में एक संग्रहालय भी बनाया जाएगा, जहां देश-विदेश से आने वाले लोग भारत की संस्कृति और विरासत से परिचित हो सकेंगे। इसके साथ ही 'बिहार दर्शन' कार्यक्रम शुरू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सुशासन कायम रहेगा और महिलाओं व बच्चियों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि हर महीने के पहले और तीसरे मंगलवार को सहयोग शिविर लगाया जाएगा, जिसमें प्राप्त आवेदनों का 30 दिनों के भीतर निपटारा किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मठ की जमीन पर हुए अवैध कब्जे को हटाया जाएगा और इसकी शुरुआत यहीं से की जाएगी।
इससे पहले, उन्होंने पटना स्थित बुद्ध स्मृति पार्क में भगवान बुद्ध की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने नालंदा जिले में श्री श्री 108 श्री शरण निवास बाबा महतो साहब मेला-2026 का उद्घाटन किया तथा मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
भाषा
कैलाश रवि कांत
0105 2307 पटना