आगामी वर्षों में बिहार का पूरा आधारभूत ढांचा बदल जाएगा : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी
आशीष
- 11 May 2026, 02:55 PM
- Updated: 02:55 PM
(फोटो सहित)
पटना, 11 मई (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को कहा कि आने वाले वर्षों में विभिन्न संपर्क परियोजनाओं के जरिए राज्य के पूरे आधारभूत ढांचे में व्यापक बदलाव देखने को मिलेगा।
वह पटना के मंदिरी इलाके में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नेता नितिन नवीन के दिवंगत पिता नवीन किशोर सिन्हा के नाम पर पटना के मंदिरी नाला को ढक कर बनाई गई सड़क ''नवीन किशोर सिन्हा पथ'' के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा पटना पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से चार बार भाजपा विधायक रहे थे।
मंदिरी क्षेत्र से गांधी मैदान के निकट काली मंदिर तक जाने वाले नवीन सिन्हा पथ का उद्घाटन करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले चरण में इस सड़क को 31 मार्च, 2027 तक मरीन ड्राइव से जोड़ दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा, ''मंदिरी क्षेत्र लंबे समय से भीषण यातायात जाम की समस्या से जूझ रहा था। यह वैकल्पिक मार्ग पूरे इलाके की तस्वीर बदल देगा। नाले की वजह से वर्षों तक परेशान रहने वाले लोग अब इस क्षेत्र को एक व्यावसायिक केंद्र के रूप में विकसित होते देखेंगे।''
चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नितिन नवीन को मंदिरी नाले के ऊपर चार लेन सड़क निर्माण परियोजना शुरू करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य संपर्क सुविधा बढ़ाने के साथ-साथ नाले को ढंकना भी था।
उन्होंने कहा, ''जब मैं 2014 में शहरी विकास मंत्री था, तब मैंने अशियाना-दीघा नाला पथ का प्रायोगिक निर्माण शुरू कराया था। उस समय नीतीश कुमार जी ने मुझे इस मॉडल को आजमाने के लिए प्रोत्साहित किया था।''
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी प्रकार की सड़कें सैदपुर और राजीव नगर नालों के ऊपर भी बनाई जा रही हैं।
उन्होंने कहा, ''बिहार सरकार पटना के दोनों छोर पर नए शहर विकसित करने की योजना बना रही है। करीब 66,000 एकड़ में पाटलिपुत्र टाउनशिप विकसित करने की योजना है, जबकि गंगा के दूसरी ओर सोनपुर क्षेत्र में भी टाउनशिप निर्माण का कार्य शुरू हो चुका है।''
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क, रेल और हवाई यात्रा से जुड़ी आधारभूत संरचनाओं का भी तेजी से विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अगले महीने दीदारगंज, कच्ची दरगाह, राघोपुर और हाजीपुर को जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण पुल परियोजना का उद्घाटन किया जाएगा, जिससे उत्तर बिहार को नया संपर्क मार्ग मिलेगा।
चौधरी ने कहा, ''राज्य सरकार पटना मेट्रो परियोजना को तेजी से आगे बढ़ा रही है ताकि शहर के विकास को गति मिल सके। सोनपुर और बिहटा में नए हवाई अड्डे विकसित किए जा रहे हैं, जबकि पटना हवाई अड्डे का भी विस्तार किया जाएगा।''
इस अवसर पर मौजूद नितिन नवीन ने मंदिरी नाले के ऊपर बनी सड़क का उद्घाटन होने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि उनके दिवंगत पिता, जो लंबे समय तक इस क्षेत्र के विधायक रहे, ने पटना के प्रमुख नालों को वैकल्पिक सड़क गलियारों में बदलने की परिकल्पना की थी।
उन्होंने कहा, ''मेरे पिता ने अपने कार्यकाल के दौरान मंदिरी नाले समेत पटना के कई बड़े नालों को वैकल्पिक सड़क मार्ग के रूप में विकसित करने का सपना देखा था। मुझे खुशी है कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उस सोच का समर्थन किया और वर्तमान मुख्यमंत्री ने अब मंदिरी में इस सड़क का उद्घाटन किया।''
करीब दो दशक तक बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र, जिसके अंतर्गत मंदिरी आता है, का प्रतिनिधित्व कर चुके नितिन नवीन ने संघर्ष के दिनों में क्षेत्रवासियों के समर्थन के लिए उनका आभार जताया।
उन्होंने कहा, ''पिता के आशीर्वाद से मैंने लंबे समय तक इस क्षेत्र में काम किया। आज मुझे बेहद खुशी है कि लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। दुर्गंधयुक्त नाले के किनारे रहने वाले लोगों के सामने अब अवसरों से भरी खुली सड़क है।''
नितिन नवीन ने कहा कि सरकार की शहरी विकास योजना के तहत शहरों में पार्क, सामुदायिक भवन और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा, ''सरकार बड़े स्तर पर शहरी सुधारों को आगे बढ़ा रही है। एक समय था जब पटना नगर निगम के पास अपना पर्याप्त आधारभूत ढांचा नहीं था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शहरी निकायों और पंचायती राज संस्थाओं को अधिक अधिकार और स्वायत्तता दी गई है।''
भाषा कैलाश मनीषा आशीष
आशीष
1105 1455 पटना