नेहरू प्लेस में क्लब के बाहर पूर्वोत्तर की दो महिलाओं के साथ छेड़छाड़, मारपीट; चार आरोपियों की पहचान
माधव
- 11 May 2026, 08:49 PM
- Updated: 08:49 PM
नयी दिल्ली, 11 मई (भाषा) दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के नेहरू प्लेस इलाके में एक होटल के बाहर असम और बिहार की दो महिलाओं के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ एवं मारपीट की गई तथा उनके खिलाफ नस्लवादी टिप्पणियां भी की गईं।
पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में चार लोगों की पहचान कर ली गई है जिनमें से दो लोगों को हिरासत में ले लिया गया है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "दो महिलाओं में से एक असम की और दूसरी बिहार की है। चार आरोपियों की पहचान हुई है जिनमें से दो को हिरासत में ले लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है।"
उन्होंने आश्वासन दिया कि बाकी आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 10 मई को सुबह करीब 6:30 बजे नेहरू प्लेस स्थित एक होटल के बाहर चाय की दुकान के पास घटी।
पुलिस ने बताया कि सुबह करीब सात बजे पीड़िताओं ने पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को घटना की सूचना दी, जिसके बाद कालकाजी थाने की एक टीम मौके पर पहुंची।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि पीड़िताओं पर कथित तौर पर पुरुषों के एक समूह द्वारा अपमानजनक टिप्पणियां की गईं और उन्हें अपशब्द कहे गए तथा उनके साथ मारपीट भी हुई।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि वे क्लब के बाहर चाय पी रही थीं, तभी दो पुरुषों ने उन्हें देखकर फब्तियां कसनी शुरू कर दीं और इसमें कथित तौर पर कई अन्य लोग भी शामिल हो गए। उनका दावा है कि इससे बहस होने लगी, जिसने बाद में उग्र रूप ले लिया।
अधिकारी ने बताया, ''शिकायतकर्ताओं में से एक ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान उसके साथ छेड़छाड़ की गई और उसके कपड़े फाड़ दिए गए। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसपर नस्लवादी टिप्पणियां कीं।''
पीड़िताओं में से एक ने यह भी आरोप लगाया कि जब वे घटनास्थल से निकलने की कोशिश कर रही थीं, तब उनपर बांस से हमला किया गया। आरोपियों ने उनका कथित तौर पर रास्ता भी रोका और घटना के बारे में किसी को बताने पर उन्हें अंजाम भुगतने की धमकी दी।
अधिकारी ने कहा कि पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचते ही दोनों पीड़िताओं को चिकित्सा जांच के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ले जाया गया।
उन्होंने कहा कि कालकाजी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 74 (किसी महिला की शील भंग करने के इरादे से उसपर आपराधिक बल प्रयोग), 126(2) (गलत तरीके से रोकना), 351(2) (आपराधिक धमकी), 78 (पीछा करना) और 3(5) (सामान्य इरादे) के तहत 10 मई को मामला दर्ज किया गया है और तुरंत जांच शुरू कर दी गई है।
प्राथमिकी के अनुसार, महिलाओं ने पुलिस को बताया कि वे चाय पी रही थीं तभी दो पुरुषों ने उनपर फब्तियां कसना शुरू कर दिया। प्राथमिकी में कहा गया है, "फिर उनके दोस्त भी शामिल हो गए और हमें परेशान करने लगे। आरोपियों ने मेरी दोस्त को पीटा और उसके कपड़े भी फाड़ दिए। उन्होंने हमारे साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया।"
महिलाओं ने पुलिस को बताया कि अगर आरोपियों को उनके सामने पेश किया जाए तो वे उनकी पहचान कर लेंगी।
पुलिस ने बताया कि जांच के तहत, आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान, गवाहों और राहगीरों सहित आठ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद घटना में शामिल चार मुख्य आरोपियों की पहचान की गई।
घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए, जिनसे जांचकर्ताओं को अहम सुराग मिले।
जांच से जुड़े एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "ऐसा लगता है कि महिलाओं ने झगड़े के दौरान कुछ वीडियो रिकॉर्ड किए थे, जिनमें कई आरोपियों के चेहरे साफ दिखाई दे रहे हैं। इससे पुलिस को उनकी पहचान करने में तुरंत मदद मिली।"
पुलिस के अनुसार, लगभग दो मिनट लंबे एक वीडियो क्लिप में पुरुषों का एक समूह कथित तौर पर शराब के नशे में धुत होकर महिलाओं को अपशब्द कहते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो में एक आरोपी रिकॉर्डिंग रोकने की कोशिश करते हुए सुना जा सकता है।
अधिकारी ने कहा, " फुटेज में एक व्यक्ति को यह कहते हुए सुना जा सकता है, 'भाई ये तो वीडियो बना रही है, क्या करेगा?'इसके बाद अपशब्दों का प्रयोग किया गया।"
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए कई पुलिस टीम गठित की गई हैं और उनसे जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव
1105 2049 दिल्ली