निजी कंपनी का प्रशिक्षण विमान बारामती में दुर्घटनाग्रस्त, कोई हताहत नहीं
मनीषा
- 13 May 2026, 01:09 PM
- Updated: 01:09 PM
(तस्वीरों के साथ)
पुणे, 13 मई (भाषा) एक निजी कंपनी द्वारा संचालित प्रशिक्षण विमान बुधवार सुबह तकनीकी खराबी आने के बाद महाराष्ट्र में पुणे जिले की बारामती हवाई पट्टी के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि बारामती हवाई पट्टी के निकट स्थित गोजुबावी गांव के पास सुबह आठ बजकर 50 मिनट पर हुई इस घटना के बाद विमान में सवार एकमात्र प्रशिक्षु पायलट सुरक्षित बाहर आ गया।
उन्होंने बताया कि विमान 'रेडबर्ड फ्लाइट ट्रेनिंग एकेडमी' का था, जो बारामती हवाई पट्टी के समीप विमानों का संचालन करती है। कंपनी ने कहा कि उसने घटना की जांच शुरू कर दी है।
इससे पहले भी इसी कंपनी के विमान जिले में दुर्घटनाग्रस्त हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि 28 जनवरी को एक अन्य कंपनी वीएसआर वेंचर्स से संबंधित एक निजी चार्टर विमान बारामती हवाई पट्टी के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत सवार सभी लोगों की मौत हो गयी थी।
पुणे के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, ''प्रत्यक्षदर्शियों से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विमान अपेक्षाकृत कम ऊंचाई पर उड़ रहा था तभी उसमें तकनीकी खराबी आ गई। अचानक उतरने के दौरान विमान का एक हिस्सा पहले बिजली के एक खंभे से टकराया और फिर जमीन से टकराया।''
पुलिस घटना की सूचना मिलने के बाद तुरंत मौके पर पहुंची।
अधिकारी ने बताया, ''आवश्यक जांच और आगे की कार्रवाई की जा रही है।''
बाद में 'रेडबर्ड फ्लाइट ट्रेनिंग एकेडमी' ने एक बयान जारी कर कहा कि उसका विमान टेक्नैम पी2008जेसी बारामती हवाई पट्टी के पास गोजुबावी क्षेत्र में हुई घटना में शामिल था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के समय विमान में केवल प्रशिक्षु पायलट सवार था जो सुरक्षित है।
बयान में कहा गया है, ''स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और प्रशिक्षु पायलट को कोई चोट नहीं आई है। संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। आगे के आकलन और जांच के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।''
इससे पहले, 19 अक्टूबर 2023 को कंपनी का एक प्रशिक्षण विमान बारामती तालुका के कटफल गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें एक पायलट घायल हो गया था।
इसके बाद 22 अक्टूबर 2023 को इसी एकेडमी का एक अन्य प्रशिक्षण विमान बारामती के पास गोजुबावी गांव के निकट दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें दो लोग घायल हुए थे।
भाषा
गोला मनीषा
मनीषा
1305 1309 पुणे