नीट प्रश्न पत्र लीक मामले में भाजपा की पोल खुली: अशोक गहलोत
जितेंद्र
- 13 May 2026, 06:07 PM
- Updated: 06:07 PM
जयपुर, 13 मई (भाषा) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)-स्नातक (यूजी) का प्रश्न पत्र 'लीक' होने के मामले को लेकर बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि इस प्रकरण से सत्तारूढ़ दल की पोल खुल गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में एक आरोपी भाजपा का पदाधिकारी है।
गहलोत ने कथित आरोपी के एक पोस्टर की फोटो पोस्ट की, जिसमें उसने खुद को जयपुर ग्रामीण में भाजयुमो का जिला सचिव बताया है।
वहीं भाजपा की प्रदेश इकाई के उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने कहा कि बिंवाल के पास पार्टी में कोई पद नहीं है जबकि एजेंसियों की तरफ से गिरफ्तारी की कोई पुष्टि नहीं हुई है।
राजस्थान पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) ने नीट-यूजी 2026 मेडिकल परीक्षा के कथित प्रश्न पत्र लीक प्रकरण में दो दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया और दो दर्जन से ज्यादा लोगों को पूछताछ के लिए सीबीआई को सौंप दिया गया।
एसओजी के अधिकारियों ने हिरासत में लिए गए लोगों के नाम नहीं बताए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में दावा किया, "नीट प्रश्न पत्र लीक में गिरफ्तार आरोपी दिनेश बिंवाल भारतीय जनता पार्टी का पदाधिकारी है। क्या यही वजह है कि राजस्थान की भाजपा सरकार ने इस मामले को छिपाने का प्रयास किया एवं कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की?"
उन्होंने कहा, "मैं 11 मई से ही कह रहा था कि भाजपा सरकार प्राथमिकी क्यों नहीं दर्ज कर रही है? अब भाजपा की पोल खुल गई है।"
गहलोत ने कहा, "क्या अब भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले प्रश्न पत्र लीक माफिया को संरक्षण दे रही है।" वहीं मुकेश दाधीच ने बिंवाल के पास पार्टी में कोई पद होने से इनकार किया।
उन्होंने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की।
इस बीच कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी इस मामले को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने दावा करते हुए कहा, "नीट प्रश्न पत्र लीक के आरोपी भाजपा के पदाधिकारी हैं, भाजपा सरकार के मंत्रियों और विधायकों के करीबी हैं। भाजपा को साफ करना चाहिए कि पेपर लीक और आरोपियों से उसका क्या संबंध है?"
डोटासरा ने कहा, "सीबीआई जांच कर रही है, लेकिन वो इन्हीं का तोता है। परीक्षा एजेंसी एनटीए, नकल माफिया और भाजपा के नेता सब मिले हुए हैं। ये लोग मिलकर देश के युवाओं के सपनों को बेच रहे हैं।"
इस मामले में चर्चा में आया बिंवाल जयपुर के जमवारामगढ़ का रहने वाला है।
एसओजी ने सीकर, जयपुर ग्रामीण (जमवारामगढ़ सहित), अलवर और आस-पास के अन्य इलाकों सहित कई जगहों से कई लोगों को हिरासत में लिया। दिनेश बिंवाल के परिवार वालों ने बताया कि दिनेश और उसके भाई को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
उन्होंने कहा कि दोनों भाई बेकसूर हैं और उन्हें झूठे मामले में फंसाया गया है।
उनकी मां प्रभु देवी ने बताया कि दिनेश स्थानीय विधायक का अच्छा दोस्त है और पुलिस द्वारा ले जाए जाने के बाद उन्होंने विधायक से बात की थी।
उन्होंने कहा, "मेरे बेटे बेकसूर हैं। उन्हें झूठे मामले में फंसाया गया है। मैंने स्थानीय विधायक को फोन किया और उनसे पूछा कि उन्हें क्यों ले जाया गया है।"
दिनेश की पत्नी रजनी ने कहा कि उनके पति ऐसे किसी मामले में शामिल नहीं हो सकते।
उन्होंने बताया कि वह अपने बेटे के साथ नीट की तैयारी के लिए सीकर में थीं।
रजनी ने कहा कि उनके बेटे को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
उन्होंने कहा, "पुलिस ने हमें उन्हें ले जाने की वजह नहीं बताई। मुझे यक़ीन नहीं होता कि मेरे पति और मेरे देवर प्रश्न पत्र लीक जैसे मामले में शामिल हो सकते हैं।" भाषा पृथ्वी जितेंद्र
जितेंद्र
1305 1807 जयपुर