रूस ने यूक्रेन पर लगातार तीसरे दिन किया हमला, कीव में सात लोगों की मौत
माधव
- 14 May 2026, 08:14 PM
- Updated: 08:14 PM
कीव, 14 मई (एपी) रूस ने यूक्रेन पर बृहस्पतिवार को लगातार तीसरे दिन बड़े पैमाने पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए, जिनमें सात लोग मारे गए जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोदिमीर जेलेंस्की ने यह जानकारी दी।
कीव में सूर्योदय होते ही,हरे-भरे डार्नित्सिया इलाके में तबाही का मंजर देखने को मिला, जो उपनगरीय जंगल और नीपर नदी के बीच स्थित है। ढह चुकी नौ मंजिला इमारत से धुएं के गुबार उठ रहे थे, जहां आपातकालीन कर्मी कंक्रीट के नीचे दबे लोगों को निकालने की कोशिश कर रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि इमारत के सभी 18 अपार्टमेंट नष्ट हो गए।
महापौर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि मृतकों में 12 वर्षीय एक लड़की भी शामिल है।
जेलेंस्की ने कहा कि सात लोग मारे गए हैं और कम से कम 20 लोग लापता बताए जा रहे हैं।
यूक्रेन के अधिकारियों ने बताया कि ये हमले ऐसे समय हुए हैं, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चीन की यात्रा पर हैं।
यूक्रेन की विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा ने कहा कि ट्रंप और उनके चीनी समकक्ष शी चिनफिंग के पास रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को यूक्रेन पर चार साल से जारी हमले बंद करने के लिए मजबूर करने हेतु पर्याप्त प्रभाव है।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''ठीक उसी समय जब दुनिया के सबसे शक्तिशाली देशों के नेता बीजिंग में मिल रहे हैं, और दुनिया शांति, स्थिरता और सहयोग की उम्मीद कर रही है, पुतिन ने यूक्रेन की राजधानी पर सैकड़ों ड्रोन, बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलें दागीं। मॉस्को पर दबाव ही पुतिन को रोक सकता है।''
जेलेंस्की ने दावा किया कि रूस ने बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलें दागीं हैं। उन्होंने कहा कि रूस ने बुधवार से यूक्रेन के रिहायशी इलाकों पर 1,560 से अधिक ड्रोन हमले किये। उन्होंने बताया कि देश भर में कुल 180 स्थल क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिनमें 50 से अधिक आवासीय इमारतें भी शामिल हैं।
ब्रिटेन के रक्षामंत्री जॉन हीली ने बृहस्पतिवार को एक बयान में हमलों को 'चौंकाने वाला' बताया और कहा कि उनका देश हवाई रक्षा प्रणालियों की आपूर्ति में तेजी ला रहा है।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि सेना ने यूक्रेन के सैन्य-औद्योगिक परिसर को निशाना बनाया, जिसमें हवाई अड्डे और ईंधन और परिवहन सुविधाएं शामिल थीं, और दावा किया कि उसने अपने सभी लक्ष्यों को भेद दिया।
यूक्रेन के गृह मंत्री इगोर क्लिमेंको ने बताया कि कीव के अपार्टमेंट भवन के ध्वस्त होने से 30 से अधिक लोग घायल हो गए, जबकि आपातकालीन कर्मचारियों ने 28 निवासियों को बचाया है।
अधिकारियों के मुताबिक रूस द्वारा यूक्रेन के क्रेमेनचुक, बिला त्सेरकवा, खार्कीव, सुमी और ओडेसा शहरों पर भी बमबारी की गई।
यूक्रेन की वायुसेना ने दावा किया कि वायु रक्षा बलों ने रात भर में रूस के 41 मिसाइलों और विभिन्न प्रकार के 652 ड्रोनों सहित 693 रूसी हमलों को नाकाम कर दिया।
खबरों के मुताबिक रूस द्वारा दागी गईं 15 मिसाइलें और 23 ड्रोन 24 स्थानों पर निशाना भेदने में सफल रहे।
एपी धीरज माधव
माधव
1405 2014 कीव