छत्तीसगढ़: गरियाबंद में निर्धारित मात्रा में मिलेगा पेट्रोल-डीजल, आदेश जारी
राजकुमार
- 16 May 2026, 12:35 AM
- Updated: 12:35 AM
गरियाबंद, 15 मई (भाषा) छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारों की खबरों के बीच अब गरियाबंद जिला प्रशासन ने पेट्रोल पंप संचालकों को आदेश जारी कर वाहनों में निर्धारित मात्रा में ईंधन प्रदान करने के लिए कहा है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या घबराहट में न आएं तथा राज्य में पेट्रोल, डीजल और गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।
अधिकारियों ने बताया कि गरियाबंद के जिलाधिकारी ने शुक्रवार को जिले के सभी पेट्रोल पंप के संचालकों के लिए जारी आदेश में कहा है कि वर्तमान परिस्थितियों में आपूर्ति नियमित होने तक तथा उपभोक्ताओं के द्वारा अनावश्यक क्रय की स्थिति के कारण जमाखोरी की आशंका एवं अव्यवस्था को देखते हुए दोपहिया वाहन में तीन सौ रुपये और चारपहिया वाहन में एक हजार रुपये का पेट्रोल देना सुनिश्चित करें तथा पेट्रोल एवं डीजल को ड्रम, जेरीकेन या बोतल में विक्रय न करें।
आदेश में कहा गया है कि अतिआवश्यक सेवा में प्रयुक्त वाहन जैसे एम्बुलेंस आदि को प्राथमिकता से पेट्रोल और डीजल प्रदान करें।
साय ने एक संदेश में कहा है, ''मैं प्रदेशवासियों से एक महत्वपूर्ण बात कहना चाहूंगा कि पश्चिम एशिया में युद्ध जैसी जो स्थिति बनी हुई है, उसका प्रभाव पूरे विश्व पर पड़ रहा है, उससे हमारा देश भी अछूता नहीं है। ऐसे समय में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों से अपील की है कि हम सभी पेट्रोल-डीजल जैसे महत्वपूर्ण संसाधनों के उपयोग में संयम और सावधानी बरतें तथा अनावश्यक खपत से बचें। ऐसी खरीददारी भी न करें, जिससे देश का पैसा विदेशों में जाए।''
साय ने कहा है, ''मैं भी प्रदेशवासियों से आग्रह करता हूं कि किसी भी प्रकार की अफवाह या घबराहट में न आएं। राज्य में पेट्रोल, डीजल और गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। लोगों को जिस प्रकार पहले ईंधन उपलब्ध होता रहा है, उसी प्रकार आगे भी मिलता रहेगा। लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी या घबराने की आवश्यकता नहीं है।''
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत राज्य के कुछ अन्य शहरों में बृहस्पतिवार से पेट्रोल और डीजल की कमी की अफवाहों के बीच पेट्रोल पंपों पर गाड़ियों की लंबी कतारें देखी गईं, जबकि पंप संचालकों का कहना है कि ईंधन की आपूर्ति काफी हद तक सामान्य बनी हुई है।
बृहस्पतिवार को ही राज्य सरकार ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
राज्य की खाद्य सचिव रीना बाबासाहेब कंगाले ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश के ऑयल डिपो को नियमित रूप से आवश्यकतानुसार पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति हो रही है तथा वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
उन्होंने कहा है कि राज्य में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आम नागरिकों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
भाषा सं संजीव राजकुमार
राजकुमार
1605 0035 गरियाबंद