मुझे लगता है कि हमने पावर प्ले में मैच गंवा दिया: श्रेयस अय्यर
सुधीर
- 17 May 2026, 08:38 PM
- Updated: 08:38 PM
धर्मशाला, 17 मई (भाषा) पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने माना कि रविवार को यहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की जबरदस्त शुरुआत और फिर 223 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरुआती झटकों के बाद उनकी टीम पावरप्ले में ही आईपीएल मुकाबला हार गई।
पंजाब किंग्स को 23 रन से हार का सामना करना पड़ा।
मैच के बाद श्रेयस ने कहा, '' बेशक, उन्होंने शानदार शुरुआत की और फिर पावरप्ले के ठीक बाद गेंदबाजों को निशाना बनाया। मुझे लगता है कि 222 रन तक पहुंचना एक तारीफ के काबिल प्रदर्शन था और हम गेंदबाजी में अधिक विकेट नहीं ले पाए लेकिन मुझे लगता है कि हम मैच पावरप्ले में ही हार गए।''
पंजाब के कप्तान ने लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरुआती विकेट जल्दी गंवाने पर निराशा जताई, विशेषकर तब जब टीम को पूरे सत्र में प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य से लगातार अच्छी शुरुआत मिली थी।
उन्होंने कहा, ''हमारे तीन खिलाड़ी आउट हो गए थे और हमारे लिए अधिकतर रन प्रभसिमरन और प्रियांश ने बनाए थे। वे हमें वैसी शुरुआत नहीं दे पाए जैसी पावरप्ले में देते थे। मैं भी जल्दी आउट हो गया। निराश करने वाला प्रदर्शन लेकिन शशांक और स्टोइनिस और बीच में कुछ अन्य खिलाड़ियों का प्रदर्शन अच्छा था।''
शशांक सिंह ने 27 गेंद में 56 जबकि मार्कस स्टोइनिस ने 25 गेंद में 37 रन बनाए लेकिन पंजाब की टीम आठ विकेट पर 199 रन ही बना सकी।
इस हार के बावजूद श्रेयस लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ पंजाब के अगले मैच से पहले उम्मीद बनाए हुए हैं।
उन्होंने कहा, ''नतीजे चाहे जो भी हों मैं हमेशा सकारात्मक रहता हूं।''
बेंगलुरु के बल्लेबाज वेंकटेश अय्यर को 40 गेंद में नाबाद 73 रन बनाने के लिए मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। उन्होंने अपनी पारी पर संतोष जताया।
उन्होंने कहा, ''तकनीकी रूप से एकादश का हिस्सा होते हुए यह मेरा दूसरा मैच है और आज पहली बार मुझे ठीक से बल्लेबाजी करने का मौका मिला इसलिए यह मैन ऑफ द मैच मिलने से अधिक खुशी की बात है।''
बेंगलुरु के कार्यवाहक कप्तान जितेश शर्मा ने कहा कि पंजाब के बाद के चरण में थोड़ी देर के लिए खतरा बनने के बावजूद उनकी टीम दूसरी पारी के दौरान पूरी तरह से नियंत्रण में थी।
उन्होंने कहा, ''सच कहूं तो हम दबाव में नहीं थे। हम नियंत्रण में थे। हम जानते हैं कि हमें इस विकेट पर क्या करना है क्योंकि बल्लेबाजों ने बहुत अच्छा फीडबैक दिया था।''
जितेश ने पुष्टि की कि नियमित कप्तान रजत पाटीदार के अगले मैच में वापसी की उम्मीद है।
अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने अपने असरदार स्पेल का श्रेय लय और तैयारी को दिया और साथ ही ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड की सराहना भी की।
भुवनेश्वर ने कहा, ''उनके पास जो अनुभव है और जो कौशल है उससे बहुत फर्क पड़ता है। हम एक-दूसरे के कौशल का समर्थन करते हैं जिससे अब तक सब ठीक चल रहा है।''
प्लेऑफ के लिए टीम के क्वालीफाई करने पर भुवनेश्वर ने कहा कि महीनों की कड़ी मेहनत के बाद यह उपलब्धि भावनात्मक थी।
भाषा सुधीर
सुधीर
1705 2038 धर्मशाला