केंद्रीय मंत्री वैष्णव ने बेंगलुरु-मुंबई ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
नरेश
- 17 May 2026, 08:44 PM
- Updated: 08:44 PM
(फोटो सहित)
बेंगलुरु, 17 मई (भाषा) केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रविवार को बेंगलुरु और मुंबई के बीच एक ट्रेन सेवा को डिजिटल रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
दक्षिण पश्चिम रेलवे ने कहा कि यह नयी सेवा कर्नाटक और महाराष्ट्र के बीच संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
एक बयान के अनुसार, रेल मंत्री ने कहा कि दक्षिण और उत्तर कर्नाटक के लोगों की लंबित मांगें अब पूरी की जा रही हैं।
वैष्णव ने कहा कि बेंगलुरु और मुंबई के बीच वंदे भारत स्लीपर सेवा जल्द ही शुरू होने की उम्मीद है।
बुनियादी ढांचे के विकास का उल्लेख करते हुए, वैष्णव ने कहा कि हाल के वर्षों में रेलवे के लिए धन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है जिससे कर्नाटक भर में परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आई है।
उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 2,160 करोड़ रुपये की लागत से 61 स्टेशन का पुनर्विकास किया जा रहा है जिनमें से नौ स्टेशन पहले ही पूरे हो चुके हैं।
रेल मंत्री ने कहा कि बेंगलुरु छावनी स्टेशन का 485 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया जा रहा है जबकि यशवंतपुर स्टेशन का 367 करोड़ रुपये की लागत से उन्नयन किया जा रहा है। 2014 से कर्नाटक में लगभग 1,750 किलोमीटर नयी रेलवे लाइन बनाई गई हैं।
उन्होंने बताया कि हासन-मंगलुरु खंड पर विद्युतीकरण कार्य पूरा हो चुका है और परीक्षण कार्य जारी है।
बेंगलुरु उपनगरीय रेलवे परियोजना के संबंध में उन्होंने कहा कि चारों कॉरिडोर पर कार्य प्रगति पर है। बैयप्पनहल्ली-चिक्कबनवारा और हीलालिगे-राजानुकुंटे कॉरिडोर के लिए भूमि अधिग्रहण पूरा हो चुका है और स्टेशन का निर्माण कार्य जारी है।
मंत्री ने कहा कि उपनगरीय रेल नेटवर्क हवाई अड्डे, इलेक्ट्रॉनिक सिटी, मराठाहल्ली और हेब्बल सहित प्रमुख केंद्रों को एकीकृत करेगा।
उन्होंने बताया कि कर्नाटक में वर्तमान में वंदे भारत ट्रेन की 12 जोड़ियां संचालित हो रही हैं। बेंगलुरु–मंगलुरु मार्ग पर परीक्षण जारी है, जिससे मडगांव तक तटीय संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है।
वैष्णव ने यह भी बताया कि बेंगलुरु को हैदराबाद और चेन्नई से जोड़ने वाले बुलेट ट्रेन कॉरिडोर को मंजूरी मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि मुंबई, बेंगलुरु और अन्य प्रमुख शहरों को जोड़ने की दीर्घकालिक योजना के तहत, हाई-स्पीड रेल नेटवर्क का विस्तार 7,000 किलोमीटर तक होने की संभावना है।
रेल राज्य मंत्री वी सोमन्ना ने एसएमवीटी बेंगलुरु-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किए जाने के समारोह के दौरान उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए ट्रेन सेवा को मंजूरी देने के लिए वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि इससे सबसे व्यस्त मार्गों में से एक पर यात्रियों को बहुत लाभ होगा और कर्नाटक के विकास को और बढ़ावा मिलेगा।
भाषा आशीष नरेश
नरेश
1705 2044 बेंगलुरु