ट्विशा शर्मा की मौत की सीबीआई जांच की मांग को लेकर उनके संबंधियों ने जंतर-मंतर पर किया विरोध प्रदर्शन
प्रशांत
- 18 May 2026, 09:13 PM
- Updated: 09:13 PM
नयी दिल्ली, 18 मई (भाषा) भोपाल स्थित अपने ससुराल में फंदे से लटकी पाई गई 33 वर्षीय महिला ट्विशा शर्मा की मौत के कुछ दिनों बाद उसके रिश्तेदारों और दोस्तों ने सोमवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन किया तथा पोस्टमार्टम प्रक्रिया में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से करवाने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने 'ट्विशा के लिए न्याय' लिखी हुए तख्तियां और बैनर हाथ में पकड़ रखे थे। उन्होंने ट्विशा के पति अधिवक्ता समर्थ सिंह और उनकी मां सेवानिवृत्त न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी की। ट्विशा शर्मा के परिवार ने उन पर हत्या और दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
नोएडा की रहने वाली ट्विशा का शव 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में अपने ससुराल में फंदे पर लटका हुआ मिला था।
पुलिस के अनुसार, 2024 में एक डेटिंग ऐप के जरिए ट्विशा शर्मा का संपर्क भोपाल के अधिवक्ता समर्थ सिंह से हुआ था, जिसके बाद दोनों ने दिसंबर 2025 में विवाह कर लिया था।
ट्विशा के परिवार ने समर्थ और उसकी मां पर हत्या का आरोप लगाते हुए रविवार को दावा किया कि उसका शव पिछले पांच दिनों से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भोपाल के मुर्दाघर में पड़ा हुआ है और उन्होंने अब दूसरी बार पोस्टमार्टम एम्स दिल्ली में कराने की मांग की है।
दिल्ली के एम्स में नए सिरे से पोस्टमार्टम की मांग को दोहराते हुए, जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों ने मामले में विसंगतियों का आरोप लगाया और मांग की कि ट्विशा के चिकित्सा रिकॉर्ड की स्वतंत्र रूप से यहां जांच की जाए।
ट्विशा के मित्र कुणाल चौहान ने कहा, ''हम ट्विशा के लिए न्याय चाहते हैं। यह मामला सीबीआई को सौंपा जाना चाहिए। हमें भोपाल में न्याय नहीं मिल सकता।''
उन्होंने यह भी कहा कि ट्विशा के माता-पिता और भाई ने फिलहाल भोपाल में ही रहने का फैसला किया है, क्योंकि वे जांच से असंतुष्ट नहीं हैं।
जब उनसे पूछा गया कि क्या ट्विशा की शादी के बाद उनकी स्थिति के बारे में उनके दोस्तों को जानकारी थी, तो चौहान ने दावा किया कि उनके ससुराल वालों ने उनका सबसे मिलना-जुलना कम कर दिया था।
उन्होंने कहा, "हम भोपाल में किए गए पोस्टमार्टम से संतुष्ट नहीं हैं। हम चाहते हैं कि उनके मेडिकल रिकॉर्ड की जांच दिल्ली के एम्स में की जाए।"
ट्विशा के परिजन के अनुसार, वह भोपाल छोड़कर नोएडा लौटना चाहती थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि मंगलवार रात करीब 10 बजे तक, अपनी मृत्यु से कुछ ही समय पहले तक वह उनके संपर्क में थी।
भाषा यासिर प्रशांत
प्रशांत
1805 2113 दिल्ली