केरल विधानसभा के अस्थायी अध्यक्ष ने नवनिर्वाचित विधायकों को दिलाई शपथ
वैभव
- 21 May 2026, 03:08 PM
- Updated: 03:08 PM
(तस्वीरों सहित)
तिरुवनंतपुरम, 21 मई (भाषा) केरल विधानसभा के अस्थायी अध्यक्ष जी. सुधाकरन ने बृहस्पतिवार को नवनिर्वाचित विधायकों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
सुबह नौ बजे शपथ ग्रहण की प्रक्रिया शुरू हुई और राज्य की 16वीं विधानसभा के सदस्यों को शपथ उनके नाम के वर्ण क्रम के आधार पर दिलाई गई। इस लिहाज से सबसे पहले शपथ कलमस्सेरी विधानसभा सीट से निर्वाचित हुए इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के विधायक अब्दुल गफूर ने ली।
शपथ ग्रहण की प्रक्रिया साढ़े 12 बजे तक चली।
इस क्रम के हिसाब से मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने 105वें स्थान पर व नेता प्रतिपक्ष पिनराई विजयन ने 133वें स्थान पर शपथ ली।
सबसे अंत में वडक्कनचेरी विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) विधायक जेवियर चितिलाप्पिल्ली ने शपथ ली।
इस दौरान 42 विधायकों ने ईश्वर के नाम के बजाय ''सत्यनिष्ठा से'' शपथ ली।
सत्यनिष्ठा से शपथ लेने वालों में माकपा व भाकपा के सभी विधायक, कांग्रेस विधायक वी.टी. बलराम और सुमेश अच्युतन, रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) के नेता शिबू बेबी जॉन व विष्णु मोहन तथा रिवोल्यूशनरी मार्क्सवादी पार्टी ऑफ इंडिया (आरएमपी) के विधायक के.के. रेमा शामिल रहे।
इनके अलावा, माकपा से नाता तोड़ने के बाद यूडीएफ समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव में उतरे टी.के. गोविंदन और वी. कुन्हिकृष्णन तथा कम्युनिस्ट मार्क्सिस्ट पार्टी केरल राज्य समिति (सीएमपी केएससी) के विधायक सी.पी. जॉन ने भी 'सत्यनिष्ठा के साथ' शपथ ली।
शपथ ग्रहण समारोह में मंजेश्वर विधानसभा सीट से इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) विधायक ए.के.एम. अशरफ ने कन्नड़ और मलयालम के मिश्रण वाली क्षेत्रीय भाषा में शपथ ली, जबकि देविकुलम से कांग्रेस विधायक एफ. राजा ने तमिल में शपथ ली।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला, के. मुरलीधरन और सनी जोसेफ, पार्टी नेता मैथ्यू कुझलनादान और संदीप वारियर, आरएसपी विधायक जॉन, आईयूएमएल विधायक फैजल बाबू और यूडीएफ के सहयोगी दल 'केरल डेमोक्रेटिक पार्टी' के विधायक मणि सी. कप्पन ने अंग्रेजी में शपथ ली।
वारियर ने शपथ लेते समय संविधान की एक प्रति हाथ में उठाई और 'जय हिंद' तथा 'जय सीता राम' बोलते हुए अपनी शपथ समाप्त की।
आरएसपी के जॉन और मोहन ने सत्यनिष्ठा से शपथ ली, जबकि उनके पार्टी सहयोगी उल्लास कोवूर ने ईश्वर के नाम पर शपथ ली। भाजपा विधायक राजीव चंद्रशेखर, बी.बी. गोपकुमार और वी. मुरलीधरन ने भी ईश्वर के नाम पर शपथ ली।
विधानसभा शुक्रवार सुबह अध्यक्ष के चुनाव के लिए पुनः आहूत होगी। विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव के लिए कांग्रेस ने टी. राधाकृष्णन और भाजपा ने गोपकुमार को उम्मीदवार बनाने की घोषणा की है, जबकि वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) ने अभी तक कोई नाम प्रस्तावित नहीं किया है।
भाषा खारी वैभव
वैभव
2105 1508 तिरुवनंतपुरम