दिल्ली के गोविंदपुरी में मां-बेटे की हत्या, लूटपाट का संदेह
नरेश
- 21 May 2026, 08:36 PM
- Updated: 08:36 PM
नयी दिल्ली, 21 मई (भाषा) दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में बुधवार देर रात 38 वर्षीय एक महिला और उसके 13 वर्षीय बेटे की घर के अंदर चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। घटना के पीछे लूटपाट की आशंका है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
मृतकों की पहचान शारदा साहू और सातवीं कक्षा में पढ़ने वाले उसके बेटे के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना रात एक बजकर 11 मिनट पर मिली।
दक्षिण-पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) हेमंत तिवारी ने बताया कि फल व सब्जियां बेचने का काम करने वाले शिकायतकर्ता विष्णु साहू रात करीब साढ़े 12 बजे जब घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजा बाहर से बंद मिला।
अधिकारी ने बताया कि घर के अंदर प्रवेश करने पर उन्हें अपनी पत्नी और बेटे के शव मिले, जिन पर चाकू से वार के कई निशान थे।
पुलिस ने कहा कि घर की अलमारियों से कुछ नकदी और आभूषण गायब थे, ऐसे में अंदेशा है कि लूटपाट के मकसद से हत्या की गई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल का मुआयना करने और साक्ष्य जुटाने के लिए अपराध शाखा व फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया।
पुलिस ने हत्या और चोरी का मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच के लिए कई टीम गठित की है।
दक्षिणी रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त (जेसीपी) विजय कुमार ने पत्रकारों से कहा, ''हम मामले की हर पहलू से जांच कर रहे हैं। अब तक कई सुराग सामने आए हैं, और जांच जारी है।''
उन्होंने कहा कि जल्द ही मामले को सुलझा लिया जाएगा।
अधिकारी ने कहा, "हम सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल कर रहे हैं। हमें कुछ सीसीटीवी क्लिप मिली हैं, जिनमें कुछ व्यक्ति दिखाई दे रहे हैं जिनकी पहचान करने की हम कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, यह अभी शुरुआती जांच का हिस्सा है।"
उन्होंने कहा कि अब तक यह बात सामने आई है कि घर में जबरन प्रवेश नहीं किया गया, यानी हत्यारे परिवार की जान-पहचान के हो सकते हैं।
कुमार ने कहा कि ऐसे संकेत मिले हैं कि इस अपराध को एक या दो व्यक्तियों ने अंजाम दिया।
सूत्रों के अनुसार, हमलावरों को महिला के पति के घर आने के समय की जानकारी थी और संभवतः वे उस समय घर में घुसे जब महिला और उसका बेटा अकेले थे।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हत्या के मामले को सुलझाने के लिए आठ से अधिक टीमें गठित की गई हैं।
इस बीच परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया कि आठ से 10 लाख रुपये की नकदी गायब है और उन्होंने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
पीड़ित विष्णु साहू के भाई ने बताया, "मेरी भाभी और उनके बेटे पर पीठ और पेट में कई बार चाकू से वार किया गया। जब मेरा भाई घर लौटा तो उसने घर को बाहर से बंद पाया।"
उन्होंने कहा,"जैसे ही वह घर में दाखिल हुआ, उसने हर जगह खून ही खून देखा। मुझे रात करीब एक बजे मेरे भाई का फोन आया। मैं तुरंत मौके पर पहुंचा और दोनों पीड़ितों को खून से लथपथ पाया। पुलिस को मामले की हर पहलू से जांच करनी चाहिए और आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करना चाहिए।"
परिवार की एक अन्य सदस्य गुड़िया ने आरोप लगाया कि घर से लगभग 10 लाख रुपये गायब हैं और दावा किया कि यह पैसा हाल में एक स्थानीय 'कमेटी की व्यवस्था' के माध्यम से प्राप्त हुआ था।
हालांकि, पुलिस ने कहा कि वे परिवार द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की पुष्टि कर रहे हैं और यदि किसी भी कर्मी की ओर से कोई चूक पाई जाती है तो उचित कार्रवाई की जाएगी।
भाषा नोमान
नोमान नरेश
नरेश
2105 2036 दिल्ली