सूर्यवंशी और जुरेल के अर्धशतक, रॉयल्स ने सनराइजर्स को 244 रन का लक्ष्य दिया
सुधीर
- 27 May 2026, 09:29 PM
- Updated: 09:29 PM
मुल्लांपुर, 27 मई (भाषा) वैभव सूर्यवंशी और ध्रुव जुरेल के तूफानी अर्धशतक से राजस्थान रॉयल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग के एलिमिनेटर में बुधवार को यहां सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आठ विकेट पर 243 रन बनाए।
सूर्यवंशी ने 29 गेंद में 12 छक्कों और पांच चौकों से 97 रन की पारी खेली जबकि जुरेल ने 21 गेंद में पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से 50 रन बनाए। सूर्यवंशी ने यशस्वी जायसवाल (29) के साथ पहले विकेट के लिए सिर्फ आठ ओवर में 125 रन जोड़कर रॉयल्स को ताबड़तोड़ शुरुआत दिलाई।
सनराइजर्स की ओर से प्रफुल्ल हिंगे सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 54 रन देकर तीन विकेट चटकाए। कप्तान पैट कमिंस ने चार ओवर में 64 जबकि साकिब हुसैन ने चार ओवर में 52 रन लुटाए।
रॉयल्स की टीम अंतिम चार ओवर में 34 रन ही बना सकी।
सनराइजर्स ने टॉस जीतकर रॉयल्स को बल्लेबाजी का न्योता दिया जिसके बाद सूर्यवंशी और जायसवाल ने पावर प्ले में बिना विकेट खोए 80 रन जोड़कर टीम को तूफानी शुरुआत दिलाई। सूर्यवंशी ने पैट कमिंस पर छक्के के साथ शुरुआत की और फिर सनराइजर्स के कप्तान के अगले ओवर में लगातार तीन छक्के मारे।
सूर्यवंशी ने साकिब हुसैन के ओवर में तीन छक्कों के साथ सिर्फ 16 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और इस दौरान किसी टी20 टूर्नामेंट के एक सत्र में सर्वाधिक 59 छक्के के क्रिस गेल में रिकॉर्ड को भी तोड़ा।
जायसवाल ने भी इस बीच इशान मलिंगा और हिंगे पर चौके जड़े।
सूर्यवंशी ने हिंगे पर छक्के के साथ आठवें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया। उन्होंने इसी ओवर में लगातार गेंदों पर दो चौके और दो छक्के भी मारे लेकिन अगली गेंद पर थर्ड मैन पर रविचंद्रन स्मरण को कैच दे बैठे।
जायसवाल भी इसके बाद स्पिनर शिवांग कुमार की गेंद को लॉन्ग ऑफ पर अभिषेक शर्मा के हाथों में खेल गए।
जुरेल ने आते ही शिवांग पर छक्का मारा और फिर कमिंस पर भी दो चौके और एक छक्का मारा।
जुरेल ने हिंगे पर छक्के के साथ सिर्फ 20 गेंद में मौजूदा सत्र का अपना चौथा अर्धशतक पूरा किया लेकिन अगली गेंद को हवा में खेलकर नितीश कुमार रेड्डी को कैच दे बैठे।
कप्तान रियान पराग (26) ने हुसैन की लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ 15वें ओवर में टीम के रनों का दोहरा शतक पूरा किया। वह हालांकि अगले ओवर में हिंगे की गेंद पर हेनरिक क्लासेन को कैच दे बैठे।
दासुन शनाका भी पांच रन बनाने के मलिंगा की गेंद अभिषेक के हाथों लपके गए जबकि डोनोवन फरेरा 12 रन बनाकर रन आउट हुए।
भाषा सुधीर
सुधीर
2705 2129 मुल्लांपुर