दावणगेरे दक्षिण उपचुनाव में मेरी भूमिका संबंधी ऑडियो क्लिप फर्जी : कांग्रेस नेता जमीर
नरेश
- 01 Jun 2026, 05:26 PM
- Updated: 05:26 PM
बेंगलुरु, एक जून (भाषा) कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बी जेड जमीर अहमद खान ने दावणगेरे दक्षिण विधानसभा उपचुनाव के दौरान पार्टी उम्मीदवार के खिलाफ ''आंतरिक साजिश'' में उनकी कथित भूमिका को लेकर वायरल एक ऑडियो क्लिप को 'फर्जी' करार देते हुए सोमवार को दावा किया कि यह एआई तकनीक का उपयोग करके रची गई 'राजनीतिक साजिश' का हिस्सा है।
हाल ही में भंग सिद्धरमैया मंत्रिमंडल में मंत्री रहे खान ने कहा कि ऑडियो क्लिप बनाने और प्रसारित करने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जाएगी और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी।
एक ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही है जिसमें कथित तौर पर खान और कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अल्पसंख्यक इकाई के निष्कासित उपाध्यक्ष मोहम्मद सिराज के बीच बातचीत है।
इस वीडियो क्लिप में कथित तौर पर दोनों को उर्दू में दावणगेरे दक्षिण विधानसभा उपचुनाव के दौरान कांग्रेस उम्मीदवार को हराने के बारे में बात करते हुए सुना जा सकता है।
कथित तौर पर नौ अप्रैल को मतदान के दिन रिकॉर्ड की गई ऑडियो क्लिप सोमवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' के एक अकाउंट से पहली बार साझा किया गया।
जमीर अहमद खान ने यहां जारी एक बयान में कहा कि राज्य के कुछ मीडिया संस्थानों द्वारा प्रसारित की जा रही ऑडियो क्लिप 'फर्जी' है और इसे कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तकनीक का उपयोग करके बनाया गया है।
उन्होंने इसे 'राजनीतिक साजिश' करार देते हुए कहा कि इस वीडियो को बनाने और प्रसारित करने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जाएगी।
यह ऑडियो क्लिप ऐसे समय सामने आया है जब मुख्यमंत्री पद के लिए नामित डीके शिवकुमार के मंत्रिमंडल को लेकर चर्चा चल रही है। खान को भी मंत्री पद का दावेदार माना जा रहा है।
इस क्लिप में दोनों व्यक्ति कथित तौर पर बातचीत कर रहे हैं कि मुस्लिम मतदाताओं को जबरन उनके घरों से मतदान के लिए नहीं लाया जाना चाहिए, क्योंकि मुसलमान पारंपरिक रूप से कांग्रेस के लिए मतदान करते हैं, और ऐसा करने से उनके उद्देश्य को कोई लाभ नहीं होगा।
इसमें कथित तौर पर यह सुझाव भी शामिल है कि जो लोग मतदान करने के लिए बाहर आते हैं, उन्हें इसके बजाय एसडीपीआई या स्वतंत्र उम्मीदवार का समर्थन करना चाहिए।
ऑडियो क्लिप की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है।
भाषा धीरज नरेश
नरेश
0106 1726 बेंगलुरु